DEVI buses will take delhi passengers to Namo Bharat train station know routes and timing दिल्लीवालों को नमो भारत ट्रेन स्टेशन तक पहुंचाएंगी ‘देवी’ बसें, जानिए रूट और टाइमिंग, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsDEVI buses will take delhi passengers to Namo Bharat train station know routes and timing

दिल्लीवालों को नमो भारत ट्रेन स्टेशन तक पहुंचाएंगी ‘देवी’ बसें, जानिए रूट और टाइमिंग

राजधानी दिल्ली की कॉलोनियों से नमो भारत ट्रेन के स्टेशन तक पहुंचना अब दिल्लीवालों के लिए आसान होगा। लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए ‘देवी’ बसों को नमो भारत रेल के स्टेशनों के साथ जोड़ा गया है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। हिन्दुस्तानTue, 6 May 2025 08:19 AM
share Share
Follow Us on
दिल्लीवालों को नमो भारत ट्रेन स्टेशन तक पहुंचाएंगी ‘देवी’ बसें, जानिए रूट और टाइमिंग

राजधानी दिल्ली की कॉलोनियों से नमो भारत ट्रेन के स्टेशन तक पहुंचना अब दिल्लीवालों के लिए आसान होगा। लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए ‘देवी’ बसों को नमो भारत रेल के स्टेशनों के साथ जोड़ा गया है। हाल ही में सड़कों पर उतारी गई इन इलेक्ट्रिक बसों को न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर स्टॉपेज दिए गए हैं। बता दें कि, बीती 2 मई को ही दिल्ली सरकार के परिवहन बेड़े में 400 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं, जिन्हें ‘देवी’ नाम दिया गया है। आकार में छोटी होने के चलते इन्हें उन रास्तों पर चलाया जाएगा, जहां पहले बड़ी बसें नहीं पहुंच पाती थीं।

ये भी पढ़ें:यात्रियों को घर के पास छोड़ेंगी ‘देवी’; किन रूटों पर मिलेगी सेवा,कितना है किराया

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने डीटीसी के साथ मिलकर आपसी सहमति से शुरुआत में तीन ऐसे रूट निर्धारित किए हैं, जो दिल्ली सेक्शन के परिचालित स्टेशनों न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से जुड़े हैं। इनमें न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन से आनंद विहार आईएसबीटी तक, आनंद विहार आईएसबीटी से अशोक नगर बॉर्डर तक और अशोक नगर बॉर्डर से मयूर विहार फेस-3 पेपर मार्केट तक के रूट शामिल हैं। फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए शुरू किए गए इन रूटों पर देवी बसों का संचालन शुरू हो जाने से लोग निजी वाहन छोड़कर सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग कर आसानी से गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

सुबह 6:30 से रात 11 बजे तक संचालन होगा

नमो भारत स्टेशनों को अलग-अलग क्षेत्रों से जोड़ने वाली ये बसें सुबह 6:30 से रात 11 बजे तक निर्धारित रूटों पर चलेंगी। इनके चलने से चिल्ला गांव, सपेरा बस्ती, न्यू कोंडली, दल्लूपुरा, गाजीपुर गांव व मंडी, धर्मशिला क्रॉसिंग, त्रिलोक पुरी आदि क्षेत्रों के लोग सीधे नमो भारत के नेटवर्क से जुड़ गए हैं।

बस मार्शल भाजपा कार्यालय पहुंचे

दिल्ली सरकार के गठन के बाद भी रोजगार बहाली पर निर्णय न होने पर सोमवार को बस मार्शल भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर पहुंच गए। वे कार्यालय के बाहर ही दो घंटे तक जमे रहे। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा उनके बीच पहुंचे और सात दिन में दिल्ली की मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से उनकी वार्ता कराने का आश्वासन दिया।