UP Weather: यूपी में अब 11 मई तक आंधी-पानी, वज्रपात और ओले गिरने की भी चेतावनी
आंधी-बारिश का यह दौर 11 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 मई कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ बौछारें पड़ने, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार सुबह से घने बादल छाए रहे। शाम को धूल भरी आंधी आई तो कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे तापमान में कमी दर्ज की गई। अलीगढ़ में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, बहराइच में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की जान चली गई। देवरिया में पेड़ गिरने से किशोरी की मौत हो गई। कानपुर में 40-55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बदली के कारण दिन के तापमान में 3.6 डिग्री की कमी आई। मेरठ सहित पश्चिमी यूपी के अधिकतर हिस्सों में रविवार देर रात फिर से हल्की बारिश और तेज हवाओं ने तापमान गिरा दिया। मेरठ में 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। न्यूनतम पारा 20.1 और अधिकतम 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए। मौसम विभाग के अनुसार आंधी-बारिश का यह दौर 11 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। 6 और 7 मई कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ बौछारें पड़ने, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में 8 और 9 मई को गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना है।
कानपुर में धूल भरी आंधी और बादलों ने गिराया पारा
कानपुर में धूल भरी आंधी और बादलों के बीच अधिकतम पारा 38.2 से 34.6 डिग्री पहुंच गया। हालांकि, रात का तापमान 23 से 25.4 डिग्री हो गया। मंगलवार को भी कानपुर सहित पूर्वी ज़िलों में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी, वज्रपात की संभावना है। दिन भर घने बादलों की आवाजाही ने तेज धूप से राहत दिलाई तो शाम होते ही 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी ने मौसम खुशगवार कर दिया। कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। इससे दिन का पारा 34.6 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। आंधी-पानी की भी संभावना है जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शाम होते ही बदल गया मौसम
दिन भर घने बादलों को देखकर लोग बारिश की उम्मीद करते रहे लेकिन बादलों ने मायूस कर दिया। शाम पांच बजते ही अचानक मौसम में बदलाव होने लगा। तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। एक समय तो धूल के गुबार ऐसे बन गए कि सामने नजर आना मुश्किल हो गया। लगातार तूफानी हवाओं के कारण लोगों ने अपने को सुरक्षित कर लिया। राहगीर सड़क के किनारे या सुरक्षित स्थानों पर रुक गए। बिजली गुल हो गई।
दिन के तापमान में आई गिरावट
सोमवार को बदली के कारण दिन के तापमान में 3.6 डिग्री की कमी आई। अधिकतम पारा 38.2 से 34.6 डिग्री पहुंच गया। रात के तापमान में वृद्धि हुई। पारा 23 से 25.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। ऐसे में नमी का अधिकतम प्रतिशत 60 और न्यूनतम 49 पहुंच गया। इसने गर्मी से राहत दिला दी।
अब ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार को भी कानपुर साहित पूरे उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अभी इस पखवाड़े में कानपुर मण्डल और गंगा के मैदानी भागों में राहत की संभावना है। तापमान नियंत्रण में रहेंगे। तापमान 36 से 38 डिग्री तक रहेंगे। कानपुर मंडल सहित पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। कई शहरों में तेज हवाएं, अंधड़, ओलावृष्टि, बज्र पात, आंधी की गतिविधियां जारी रहेंगी।
आगरा में आंधी-बारिश से तपिश के तेवर ठंडे
उधर, ताजनगरी आगरा में सोमवार को दोपहर बाद हल्के अंधड़ से मौसम का मिजाज बदल गया। इसके बाद पूरे शहर में रिमझिम का सिलसिला चला। इससे तापमान में गिरावट आई है। इधर, मौसम विभाग ने अंधड़, बारिश, वज्रपात का अलर्ट आठ मई तक बढ़ा दिया है।
मौसम विभाग ने छह मई तक अंधड़, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार से आंधी, बारिश और बिजली गरजी। इसके बाद बादलों की आवाजाही होती रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। सोमवार दोपहर दो बजे के बाद मौसम फिर बदल गया। शहर से लेकर देहात के तमाम हिस्सों में तेज अंधड़ के बाद बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक रिमझिम का सिलसिला चला।
इससे तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री कम होकर 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम होकर 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 62 रहा है। रात आठ बजे तक बारिश का अनुमान नहीं हो पाया था। मौसम विभाग के मुताबिक अब 8 मई तक अंधड़ और बारिश का खतरा है। इसके बाद आसमान साफ होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। 10 अप्रैल से तापमान में वृद्धि शुरू हो जाएगी।
पूर्वी यूपी में दिनभर तपिश, शाम को आंधी संग बारिश
चक्रवातीय सिस्टम का असर सोमवार की शाम को पूर्वी यूपी पर दिखा। पूर्वी यूपी के आसमान में गहरे काले बादल छा गए। तेज हवाएं चलीं। गरज चमक के साथ छीटें पड़े। पछुआ हवा की रफ्तार 36 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रही।
मौसम विभाग ने सोमवार को तेज हवा और बूंदाबांदी के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया था। सोमवार को दिन अपेक्षाकृत गर्म रहा। सुबह आसमान साफ रहा। चटख धूप हुई। दोपहर में आसमान में हल्के बादलों से सूरज के तेवर को कम नहीं कर सकें। हालांकि शाम को मौसम की रंगत अचानक बदल गई। आसमान में गहरे काले रंग के बादलों की एंट्री हुई। इसके कारण समय से पूर्व ही सूर्यास्त होने का अहसास हुआ। शाम सवा पांच बजे से तेज पछुआ हवाएं चलने लगी।
मौसम में बदलाव के कारण बीते 24 घंटे में दिन की तापमान में इजाफा हुआ। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह रविवार के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा है। बादलों की मौजूदगी से हवा में नमी बढ़ गई। सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 76 और न्यूनतम आर्द्रता 41 फीसदी रही। हालांकि सोमवार को रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं हुई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार दोपहर तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
गोरखपुर में दो दिन तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
गोरखपुर जिले में सात मई तक कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ ओले पड़ने और वज्रपात होने का अनुमान है। ऐसी स्थिति में बारिश में बाहर हैं तो पेड़ और धातु के आसपास न रहे, मोबाइल का उपयोग करने से भी बचें। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि दो दिन तक आंधी-बारिश के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने बताया कि मौसम विभाग ने दो दिन के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे मौसम में लोगों को चाहिए दामिनी और सचेत एप के सहयोग से वज्रपात के बारे में भी जागरूक रहें।