स्वास्थ्य विभाग में जियो-फेंसिंग आधारित हाजरी प्रणाली लागू
चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जियो-फेंसिंग आधारित उपस्थिति प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि यह प्रणाली कर्मचारियों की...

चंडीगढ़/फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जियो-फेंसिंग आधारित उपस्थिति प्रबंधन प्रणाली लागू करने की घोषणा की है। यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव के नेतृत्व में लिया गया है, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों की उपस्थिति में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करना है। जियोफेंसिंग एक डिजिटल सीमा है जो जीपीएस, आरएफआईडी , वाईफाई या सेलुलर डेटा जैसे तकनीकों का उपयोग करके बनाई जाती है। जब कोई इस आभासी सीमा में प्रवेश करता है या उससे बाहर निकलता है, तो यह अलर्ट करता है। इससे कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी हासिल हो सकती है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह ने बताया कि इस प्रणाली को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा विकसित किया गया है।
कर्मचारियों को जियोफेंस्ड अटेंडेंस एचआरवाई नामक मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा, जो गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इस ऐप के माध्यम से उपस्थिति केवल विभाग द्वारा तय किए गए कार्यालय परिसरों के भीतर ही दर्ज की जा सकेगी, जिससे कर्मचारियों की लोकेशन और उपस्थिति की पुष्टि संभव हो सकेगी। नई व्यवस्था के तहत, सभी कर्मचारियों का वेतन जियो-फेंसिंग डेटा के आधार पर जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभागीय अनुशासन को मजबूत करना, कार्य में सुधार लाना और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक कुशल बनाना है। उन्होंने कहा कि यह कदम डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाता है, जहां तकनीक का उपयोग पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शासन देने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा यह प्रणाली यह सुनिश्चित करेगी कि हर स्वास्थ्य अधिकारी राज्य के नागरिकों की सेवा के प्रति उत्तरदायी और प्रतिबद्ध बना रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस नई व्यवस्था का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।