Delay in Property ID Corrections Despite Instant Fee Payment in Faridabad तत्काल का शुल्क लेने के बावजूद प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में देरी, Faridabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsDelay in Property ID Corrections Despite Instant Fee Payment in Faridabad

तत्काल का शुल्क लेने के बावजूद प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में देरी

फरीदाबाद में प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में देरी हो रही है, जबकि आवेदक तत्काल शुल्क चुका चुके हैं। निगमकर्मियों द्वारा निर्धारित समय में काम पूरा न होने से लोग परेशान हैं। अब 48 घंटे का समय बढ़ाकर पांच...

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबादSun, 20 April 2025 11:31 PM
share Share
Follow Us on
तत्काल का शुल्क लेने के बावजूद प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में देरी

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने के लिए तत्काल का शुल्क देने के बावजूद प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में देरी हो रही है। निगमकर्मी निर्धारित समय में भी प्रॉपर्टी आईडी ठीक नहीं कर पा रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने की व्यवस्था से लोग परेशान हैं। प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए अलग-अलग समय निर्धारित हैं। जब आवेदक द्वारा पोर्टल पर आवेदन किया जाता है तो उसमें आवेदक को ठीक होने के समय की भी सूचना दे दी जाती है। इसी तरह तत्काल में प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए 48 घंटे का समय निर्धारित है। अब इसका समय भी कुछ बढ़ाया गया है। निगम कर्मियों के मुताबिक, 48 घंटे में ठीक करने में समस्या आ रही थी। इस वजह से इसका समय पांच दिन तक बढ़ा दिया गया है। जब से प्रॉपर्टी आईडी की व्यवस्था लागू हुई है। तभी से लोगों के लिए यह सिरदर्द बनी हुई है। लोग लगातार निगम कार्यालयों के चक्कर लगाते हैं, तब जाकर प्रॉपर्टी आईडी बन पाती हैं। कई लोगों को प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए सिफारिश भी करवानी पड़ती है। नगर निगम के समाधान शिविरों में प्रॉपर्टी आईडी की शिकायतों की संख्या भी सबसे ज्यादा होती है। नगर निगम प्रशासन इस समस्या का पुख्ता समाधान नहीं कर सका है। अब नई प्रॉपर्टी आईडी पर तो नगर निगम आयुक्त ए मोना श्रीनिवास खुद नजर रखे हुए हैं। वे खुद ऐसे आवेदनों का अवलोकन कर रही हैं। फिर भी इस सख्ती का असर आवेदकों को पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है।

वर्ष 2023 में सीएम फ्लाइंग ने भी की थी जांच

वर्ष 2023 में सीएम फ्लाइंग ने भी प्रॉपर्टी आईडी की खामियों को सुधारने में हो रही लापरवाही की सूचना मिलने पर जांच की थी। इसमें काफी खामियां मिली थीं। उस दौरान यह भी पता चला था कि कॉमन सर्विस सेंटर में आवेदकों का फॉर्म उपयुक्त तरीके से नहीं भरा जाता है। इसमें कई खामियां रह जाती हैं। नगर निगम की ओर से आवेदकों का मार्गदर्शन करने के लिए भी पुख्ता व्यवस्था नहीं है। इस वजह से लोग इधर-उधर भटकते रहते हैं।

लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर हो रही सख्ती

नगर निगम प्रशासन अब प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को बख्शने के मूड में नहीं है। प्रदेश सरकार की ओर से भी प्रॉपर्टी आईडी के मसले को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस वजह से निगम के अतिरिक्त आयुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने शनिवार को निगम ने एक जेडटीओ समेत 15 कर्मियों के वेतन से पांच-पांच हजार रुपये काटने का आदेश दिया था। इससे पहले एक जेडटीओ का तबादला जिले से बाहर सोनीपत कर दिया गया। वहीं निगम आने वाले समय में और भी निगम कर्मचारियों पर कार्रवाई कर सकता है।

मैंने तत्काल में प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए आवेदन किया था। आवेदन किए हुए एक सप्ताह हो चुका है। लेकिन, अभी तक मुझे प्रॉपर्टी आईडी ठीक होने की सूचना नहीं मिली है।

-मनोज, एनआईटी-तीन

प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए आवेदक को निर्धारित समय के बारे में मैसेज के जरिए सूचित किया जाता है। यह सेवा के अधिकार के तहत निर्धारित है। यदि देरी होती है तो इस बारे में भी सूचित किया जाता है। प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए अलग-अलग समय निर्धारित हैं।

-पदम सिंह ढांडा, जेडटीओ, नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।