टेंडर की राशि कम होने से लाइट नहीं लग पा रही
फरीदाबाद के सेक्टर-10-11 डिवाइडिंग रोड पर एक साल से स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम रुका हुआ है। नगर निगम ने कई बार टेंडर लगाया, लेकिन कंपनियों ने कम रेट के कारण आगे आना बंद कर दिया है। अब निगम ने 23 लाख...

फरीदाबाद। सेक्टर-10-11 डिवाइडिंग रोड को बने हुए एक साल से ज्यादा हो चुका है। बार-बार टेंडर लगाने के बावजूद कंपनियां स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए आगे नहीं आ रही हैं। रेट कम होना इसकी वजह माना जा रहा है। सेक्टर-10-11 डिवाइडिंग रोड को एक साल पहले चार लेन बनाया गया था। इस सड़क पर स्ट्रीट लाइटें भी लगनीं थीं। यहां लाइटें लगाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गत वर्ष भी टेंडर लगाया था। लेकिन, इसके बाद भी कोई कंपनी सामने नहीं आई। निगम ने फिर से यहां स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए टेंडर लगाया। नगर निगम प्रशासन अब तक पांच बार टेंडर लगा चुका है। अब फिर से नगर निगम प्रशासन ने यहां पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यहां पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए निगम प्रशासन ने 23 लाख 50 हजार रुपये से ज्यादा का बजट मंजूर किया है। उपरोक्त बजट से यहां खंभे सहित एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। 16 अप्रैल के बाद निगम टेंडर खोलेगा। यदि कंपनियां आती हैं तो उनमें से एक का चयन कर जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि निगम मानक आधारित रेट पर टेंडर लगा रहा है। लेकिन, कंपनियों को यह रेट कम लग रहा है। इस वजह से कोई भी आगे नहीं आ रहा है।
वाईएमसीए रोड पर भी नहीं लगी हैं स्ट्रीट लाइटें: वाईएमसीए रोड को बने हुए करीब दो वर्ष से ज्यादा का समय हो चुका है। लेकिन, इस रोड के बड़े हिस्से पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। स्ट्रीट लाइटें न होने के कारण यहां अंधेरा पसरा रहता है। इसी तरह नीलम रेलवे फ्लाईओवर पर भी स्ट्रीट लाइटें नहीं लग सकी हैं। इस फ्लाईओवर के लिए एलईडी लाइटें मंजूर हो चुकी हैं। यहां अभी भी पुरानी लाइटें लगी हैं। इनमें से कई लाइटें खराब हैं। इससे यहां भी अंधेरा पसरा रहता है।
बड़खल और बाटा फ्लाईओवर भी नहीं लग सकी हैं स्ट्रीट लाइटें: बड़खल फ्लाईओवर की मरम्मत के बाद नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना तैयार की गई थीं। बड़खल फ्लाईओवर की मरम्मत को हुए एक साल से ज्यादा का समय हो चुका है। लेकिन, अभी तक यहां पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई जा सकी हैं। इसी तरह बाटा रेलवे फ्लाईओवर की स्ट्रीट लाइटें भी कंडम हैं। लाइटों के कंडम रहने के कारण यहां पर अंधेरा छाया रहता है। इसे देखते हुए यहां पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए लोग मांग कर रहे हैं। लेकिन, अभी तक यहां पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई जा सकी हैं। इस वजह से यहां अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-10-11 डिवाइडिंग रोड पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए कई बार टेंडर लगाए जा चुके हैं। लेकिन, कोई कंपनी लाइटें लगाने के लिए आगे नहीं आ रही है। किसी कंपनी का इस काम में रूचि न लेने की वजह रेट कम होना हो सकता है।
सुशील कुमार ठाकरान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।