रात को चली तेज हवा, आंधी के बाद गर्मी से राहत मिली
फरीदाबाद में रविवार को गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन रात आठ बजे आंधी आने से मौसम में बदलाव आया। तापमान में गिरावट आई, और अधिकतम 35 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले दिनों बारिश...

फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में रविवार को पूरे दिनभर पर लोगों को गर्मी ने बेहाल किया, हालांकि, रात आठ बजे अचानक से आंधी आने के बाद मौसम बदल गया। तेज हवा चलने से जहां तापमान में गिरावट आई वहीं, कुछ हद तक लोगों को गर्मी से राहत मिली। गर्मी से दस दिनों की राहत के बाद शनिवार के मुकाबले रविवार को एक डिग्री तापमान अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। वहीं शनिवार को तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री दर्ज किया गया था। पश्चिम विक्षोभ और चक्रवात के सक्रिय होने के चलते पिछले दिनों हुई बारिश से मौसम में बदलाव आ गया था।
40 डिग्री पहुंचने वाला तापमान बारिश के चलते 33-34 डिग्री तक पहुंच गया था। इससे मौसम में काफी बदलाव आया था। जिलेवासाियों को गर्मी नहीं सता रही थी। सूरज के ढलते ही मौसम और भी सुहाना हो जाता था। बता दें कि सात वर्ष के बाद ऐसा हुआ है मई में गर्मी अपने चरम पर नहीं है। वर्ष 2017 में भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते तापमान 34-35 डिग्री के बीच रहा था। मौसम विभाग के अनुसार मई में अब कोई पश्चिमी विक्षोभ या चक्रवात सक्रिय नहीं होगा। इसके चलते सुबह से खिली धूप निकलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।