गुरुग्राम में फिर गरजा बुलडोजर, कॉलोनी-बाजार में कार्रवाई , क्लीनिक में भी तोड़फोड़
दोपहर एक बजे डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में तोड़फोड़ दस्ता मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास विकसित साउथ सिटी एक कॉलोनी मे पहुंच गया।

गुरुग्राम में एक बार फिर बुलडोजर ऐक्शन देखने को मिला है। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने साउथ सिटी-एक में शुक्रवार को बुलडोजर चलाया। बिना इजाजत गलियों में लगाए गए 51 गेट के अलावा अवैध निर्माण को भी मलबे में तब्दील कर दिया। इस अभियान का आरडब्ल्यूए ने हल्का विरोध किया। दोपहर एक बजे डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में तोड़फोड़ दस्ता मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास विकसित साउथ सिटी एक कॉलोनी मे पहुंच गया।
इस कॉलोनी की गलियों में अवैध रूप से गेट लगाए गए थे। इसकी शिकायत जिला उपायुक्त और डीटीपीई कार्यालय में पहुंच रही थी। इस पर डीटीपीई ने तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। डीटीपीई के आदेश पर बुलडोजर ने गलियों में लगे गेट तोड़ना शुरू कर दिया। इस वजह से लोगों को आवागमन में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की शिकायत थी कि इमरजेंसी में एंबूलेंस या दमकल विभाग की गाड़ियों के पहुंचने में यह गेट बाधा उत्पन्न करते हैं। इन गेट पर ताला लगा हुआ होता है। कोई सुरक्षा कर्मी भी नियुक्त नहीं होता है। इस कॉलोनी मे स्थित केआर मंगलम स्कूल की तरफ से भी शिकायत दी थी।
अवैध तरीके से खुले क्लीनिक में भी तोड़फोड़
मकान नंबर जी-41 के बाहर अवैध रूप से दांतों का अस्पताल चलाया जा रहा था। इसका केबिन घर के बाहर सड़क पर बनाया हुआ था। डीटीपीई ने इस केबिन को बुलडोजर से तोड़ डाला। मकान नंबर जी-70 के बाहर भी सड़क पर एक क्लीनिक चल रहा था। इसे भी मलबे में मिलाया गया। गुरुद्वारे के सामने अतिक्रमण को हटाया गया। साउथ सिटी एक के बाजार में भी बुलडोजर चला। इस मौके पर पान, मैटरेस, जूस, चाय का खोखा तोड़ दिया। अवैध रूप से एक ढाबा चलाया जा रहा था। इसे भी मलबे में मिला दिया। के ब्लॉक में एक वीटा बूथ अवैध रूप से सड़क पर लगाया गया था।