Delhi Monsoon : भीषण गर्मी के बीच आई गुड न्यूज, IMD ने बताया कब दिल्ली पहुंच सकता है मॉनसून
भीषण गर्मी झेल रहे दिल्ली-एनसीआर को मॉनसूनी बारिश अगले दस दिनों में भिगा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 22-23 जून तक मॉनसून दिल्ली पहुंच सकता है।

भीषण गर्मी झेल रहे दिल्ली-एनसीआर को मॉनसूनी बारिश अगले दस दिनों में भिगा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 22-23 जून तक मॉनसून दिल्ली पहुंच सकता है। आईएमडी ने शुक्रवार को बताया कि इस सप्ताह फिर से गति पकड़ने वाले दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सामान्य तिथियों से काफी पहले उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर भागों में पहुंचने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा, जून की शुरुआत से बारिश की कमी के कारण तापमान में तेज वृद्धि हुई। इससे 8-9 जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी पड़ी। अब मॉनसून 18 जून तक मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों तथा उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों को कवर कर लेगा। इसके 19 जून से 25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम में आगे बढ़ने की उम्मीद है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि मॉनसून के 27 जून की सामान्य शुरुआत की तारीख से पहले 22-23 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
गर्मी के तेवर थोड़े नर्म, अगले तीन दिन राहत रहेगी
झुलसा देने वाली धूप और उमस से जूझ रहे दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी में अब भीषण गर्मी का दौर बीत गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बीच आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी और धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
इससे दिल्ली के तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से खासी राहत मिलेगी। दिल्ली में बीते पांच दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार की शुरुआत भी तेज धूप के साथ हुई। दिन में 11 बजे के बाद से ही लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल लगने लगा। हालांकि, दोपहर बाद दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में हुई हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर दिखने लगा। दिल्ली में भी हवा की गति तेज हो गई और एक दिन पहले की तुलना में गर्मी का अहसास थोड़ा कम हुआ।
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। हालांकि, गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस था।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रहा है। इसका अर्थ यह है कि दिल्ली में गुरुवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही थी। यहां पर आर्द्रता का स्तर 69 से 51 फीसदी तक रहा।
50 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास : एक दिन पहले की तुलना में भले ही गर्मी में थोड़ी कमी आई हो, लेकिन शुक्रवार को भी लोगों ने 50 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास किया। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार की शाम पांच बजे तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। नमी का स्तर 56 फीसदी रहा। इस दौरान हवा की गति 11.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रही।
इस समय दिल्ली का फील लाइक तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, एक दिन पहले से तुलना करें तो दिल्ली को मिली राहत को समझा जा सकता है। क्योंकि, गुरुवार को ठीक इसी समय फील लाइक तापमान 54.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अब दिखेगा बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक, अब दिल्ली और आसपास के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राजस्थान के कुछ हिस्सों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा के एक निम्न दबाव का क्षेत्र भी मौजूद है। इसके चलते दिल्ली में अगले तीन-चार दिनों तक बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश तक हो सकती है। इन मौसमी परिघटनाओं के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आएगी।