Mustafabad building collapse caught on CCTV camera 4 people died so far दिल्ली : मुस्तफाबाद में बिल्डिंग ढहने की घटना CCTV में कैद, अब तक 4 की मौत; देखें वीडियो, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Mustafabad building collapse caught on CCTV camera 4 people died so far

दिल्ली : मुस्तफाबाद में बिल्डिंग ढहने की घटना CCTV में कैद, अब तक 4 की मौत; देखें वीडियो

दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के एक चार मंजिला इमारत गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई और 14 लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि मलबे में अब भी करीब 8 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इमारत ढहने की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। एएनआईSat, 19 April 2025 07:34 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली : मुस्तफाबाद में बिल्डिंग ढहने की घटना CCTV में कैद, अब तक 4 की मौत; देखें वीडियो

दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के एक चार मंजिला इमारत गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई और 14 लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि मलबे में अब भी करीब 8 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इमारत ढहने की यह घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।

मुस्तफाबाद में शनिवार तड़के इमारत ढहने की घटना का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। 18 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि देर रात 2 बजकर 39 मिनट पर कैसे एक इमारत अचानक जमींदोज हो गई। इसके बाद पूरी गली में धूल का गुबार छा गया।

एक स्थानीय महिला ने बताया, “यहां दो पुरुष, दो बहुएं, उनके परिवार और किराएदार रहते हैं। सबसे बड़ी बहू के तीन बच्चे हैं, दूसरी बहू के भी तीन बच्चे हैं...अभी हमें कुछ नहीं पता। वे कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।”

मृतकों में से एक के रिश्तेदार शहजाद अहमद ने बताया कि यह इमारत रात करीब 2.30-3 बजे गिरी। यह चार मंजिला इमारत थी। मेरे दो भांजे मर गए हैं। मेरी बहन, बहनोई और भांजी भी घायल हैं। यह सभी जीटीबी अस्पताल में भर्ती हैं।

8-10 लोगों के फंसे होने की आशंका

एडिशनल डीसीपी (उत्तर-पूर्व जिला) संदीप लांबा ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। उन्होंने कहा, "14 लोगों को निकाल लिया गया, लेकिन उनमें से 4 की मौत हो गई। यह चार मंजिला इमारत थी। बचाव अभियान जारी है। 8-10 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।"

अधिकारियों के अनुसार, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव के काम में जुटी हैं डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 2:50 बजे एक घर के ढहने की सूचना मिली थी।

उन्होंने कहा, "हम मौके पर पहुंचे और देखा कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही हैं।"

पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को राजधानी में आए धूल भरे तूफान के दौरान दिल्ली के मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे।