हिमाचल की राजनीति में लौटने से नड्डा का इनकार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चंबा दौरे के दौरान कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव जल्द होगा। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस ने राज्य के विकास में...

- कहा, प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव जल्द होगा - हिमाचल सरकार देश की कांग्रेस सरकारों में सबसे भ्रष्ट
शिमला, संवाददाता। भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने चंबा दौरे के दौरान पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश की राजनीति में अपनी वापसी की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘मैं एक जिम्मेदार पद पर हूं और राज्य में वापसी की कोई संभावना नहीं है।
एक सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा कि हिमाचल में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव जल्द किया जाएगा। नड्डा ने दावा किया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार यह झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है कि केंद्र सरकार धन नहीं दे रही है और उसे राज्य की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आप सरकार नहीं चला सकते हैं, तो पद छोड़ दें, लेकिन दूसरों को दोष न दें। उन्होंने राज्य के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकारों द्वारा की गई विभिन्न पहलों की ओर इशारा किया, जिसमें ‘अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री रहते हुए औद्योगिक पैकेज भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है। एम्स, आईआईएम, आईआईआईटी और हाइड्रो इंजीनियरिंग सहित सभी परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई हैं।
नड्डा ने हिमाचल सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि यह देश की कांग्रेस सरकारों में सबसे भ्रष्ट है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने नेशनल हेराल्ड को करोड़ों रुपये के विज्ञापन दिए हैं, जो प्रकाशित नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार देश की कांग्रेस सरकारों में सबसे भ्रष्ट है और वित्तीय कुप्रबंधन में सबसे ऊपर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।