आईपीएल फ्रेंचाइजी जैसा हो गया है दिल्ली उच्च न्यायालय : न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा
दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा ने विदाई समारोह में कहा कि अब न्यायालय एक आईपीएल फ्रेंचाइजी जैसा प्रतीत होता है क्योंकि बाहरी न्यायाधीशों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वह...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा ने अपने विदाई समारोह में एक भावुक और दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय अब किसी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी जैसा प्रतीत होता है। क्योंकि यहां बाहर से आए खिलाड़ियों यानी न्यायाधीशों की संख्या बढ़ रही है। न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा आठ जून को औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त होंगे, लेकिन उच्च न्यायालय के ग्रीष्मावकाश पर होने के कारण न्यायमूर्ति शर्मा को शुक्रवार को विदाई दी गई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैं जल्द बार में शामिल होकर कानूनी सेवा जारी रखूंगा। दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस समारोह में बोलते हुए न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा कि अगर उन्हें कहने की छूट दी जाए तो बहुत कुछ कहना चाहते हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय का पूरा स्वरूप बदल रहा है। क्रिकेट की भाषा में कहूं तो दिल्ली हाईकोर्ट अब एक आईपीएल फ्रेंचाइज़ी की तरह लगने लगा है, क्योंकि यहां इतने सारे बाहरी खिलाड़ी आ रहे हैं और भविष्य में और भी आएंगे। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने तीन न्यायाधीशों को दिल्ली हाईकोर्ट में स्थानांतरित करने की सिफारिश की है। इनमें बॉम्बे हाईकोर्ट से न्यायमूर्ति नितिन सांबरे, इलाहाबाद उच्च न्यायालय से न्यायमूर्ति विवेक चौधरी व कर्नाटक उच्च न्यायायल से दिल्ली हाईकोर्ट में वापसी कर रहे न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव शामिल हैं। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय भी इसी साल जनवरी में बॉम्बे हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर यहां आए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।