राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों के रणबांकुरों को छह कीर्ति चक्र और 33 शौर्य चक्र दिए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों और पुलिसकर्मियों को वीरता के लिए छह कीर्ति चक्र और 33 शौर्य चक्र प्रदान किए। इनमें से चार कीर्ति चक्र और सात शौर्य चक्र...

- चार कीर्ति चक्र और सात शौर्य चक्र मरणोपरांत प्रदान किए गए नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों, केंद्रीय पुलिस बलों तथा राज्यों के पुलिसकर्मियों को वीरता तथा अदम्य साहस के लिए छह कीर्ति चक्र और 33 शौर्य चक्र प्रदान किए। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दिए गए कुल पुरस्कारों में से चार कीर्ति चक्र और सात शौर्य चक्र मरणोपरांत प्रदान किए गए हैं। वीरता पुरस्कार अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य पालन के दौरान अदम्य साहस तथा अद्वितीय बहादुरी का प्रदर्शन करने वाले वीरों को दिए जाते हैं। ये पुरस्कार जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में आतंकवाद विरोधी अभियानों से संबंधित विभिन्न अभियानों के दौरान बहादुरी के लिए दिए गए।
इन अभियानों के दौरान खूंखार आतंकवादियों को मार गिराया गया, उन्हें पकड़ा गया, तथा हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। नौसेना के अधिकारियों ने समुद्री डकैती विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया, जिसके परिणामस्वरूप समुद्री डाकुओं ने आत्मसमर्पण किया और बंधकों को बचाया। इसके साथ ही जलते हुए तेल टैंकर पर अग्निशमन अभियानों के दौरान भी बहादुरी का प्रदर्शन किया। वायु सेना के पुरस्कार विजेताओं ने जान-माल के किसी भी नुकसान से बचने के लिए नागरिक क्षेत्रों से दूर युद्धाभ्यास करते हुए विमान को बचाने के दौरान खतरनाक परिस्थितियों में अत्यधिक साहस दिखाया। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न अभियानों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों ने वीरतापूर्ण कार्य किया। इस दौरान विद्रोहियों को पकड़ा गया और हथियार बरामद किए गए। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेक केंद्रीय मंत्री तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।