दिल को बीमार कर सकती है तीन रातों की खराब नींद
स्वीडन की उप्साला यूनिवर्सिटी के अध्ययन में पाया गया कि लगातार तीन रातों तक केवल चार घंटे की नींद लेने से दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। शोध में 16 युवा पुरुषों के खून में सूजन पैदा करने वाले...

स्टॉकहोम, एजेंसी। अगर आप लगातार तीन रातों तक ठीक से नहीं सोते हैं, तो यह आपके दिल के लिए खतरनाक हो सकता है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि तीन रातों तक सिर्फ चार घंटे की नींद लेने से शरीर में ऐसे रासायनिक बदलाव होते हैं, जो दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैं। स्वीडन की उप्साला यूनिवर्सिटी का यह अध्ययन विज्ञान पत्रिका बायोमार्कर रिसर्च में प्रकाशित हुआ है। इसमें 16 सेहतमंद युवा पुरुषों को शामिल किया गया। उन्हें एक लैब में रखा गया, जहां उनके खाने-पीने, शारीरिक गतिविधियों और रोशनी तक पर पूरा नियंत्रण था। प्रतिभागियों को दो अलग-अलग नींद कार्यक्रम अपनाने को कहा गया, तीन रातों तक भरपूर नींद यानी करीब 8.5 घंटे और तीन रातों तक केवल 4.5 घंटे की नींद।
नींद से जगने के बाद उन्होंने बराबर व्यायाम किया, जिसके बाद उनका ब्लड सैंपल लिया गया। शोधकर्ताओं ने उनके खून में लगभग 90 तरह के प्रोटीन की जांच की। उन्होंने पाया कि कम नींद लेने पर खून में कुछ ऐसे प्रोटीन बढ़ गए जो शरीर में सूजन पैदा करते हैं। ये प्रोटीन अगर लंबे समय तक बढ़े रहें तो दिल की बीमारियों जैसे हार्ट फेल, दिल की धड़कन का बिगड़ना और ब्लॉकेज जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।