राजनीति कभी-कभी राष्ट्रवाद पर हो जाती है हावी: धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि राजनीति को राष्ट्रवाद और सुरक्षा पर हावी होने से बचना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के मुद्दों पर एकजुटता से काम...

- उपराष्ट्रपति ने राज्यसभा प्रशिक्षुओं के एक समूह को किया संबोधित नई दिल्ली, एजेंसी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को आगाह किया कि कभी-कभी राजनीति राष्ट्रवाद और सुरक्षा जैसे विषयों पर बहुत हावी हो जाती है। इससे राजनीतिक वर्ग को बचने की जरूरत है। धनखड़ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने हमारी सोच को व्यापक रूप से बदल दिया है और भारतीय अब पहले से कहीं अधिक राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के मुद्दों पर आम सहमति के साथ काम करने की अपील की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह उन (सर्वदलीय) प्रतिनिधिमंडलों में विभिन्न राजनीतिक दलों की भागीदारी से प्रतिबिंबित होता है जो हमारे शांति के संदेश और आतंकवाद के प्रति नई दिल्ली के रुख से अवगत कराने के लिए विभिन्न देशों के दौरे पर गए हैं।
उपराष्ट्रपति ने यहां राज्यसभा प्रशिक्षुओं के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा, हाल की घटनाओं को देखते हुए हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। हमारे पास एकजुट रहने और मजबूत होने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। संस्थाओं की तरह, यहां तक कि राजनीतिक दलों का भी राष्ट्रीय हित के प्रति नैतिक कर्तव्य है, क्योंकि अंततः सभी संस्थाएं (विधायिका, न्यायपालिका, कार्यपालिका) का केंद्र बिंदु राष्ट्रीय विकास, राष्ट्रीय कल्याण, जन कल्याण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक प्रगति जैसे विषयों पर सभी दलों को राष्ट्रहित को अपने राजनीतिक हितों से ऊपर रखना चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।