Two thousand people got pension even after death in Ghaziabad मरने के बाद भी दो हजार लोगों को मिल गई पेंशन, गाजियाबाद में बड़ी लापरवाही का खुलासा, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Two thousand people got pension even after death in Ghaziabad

मरने के बाद भी दो हजार लोगों को मिल गई पेंशन, गाजियाबाद में बड़ी लापरवाही का खुलासा

शासन के आदेश पर वृद्धा, दिव्यांग व विधवा पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन किया गया तो पिछले साल 2,103 ऐसे लाभार्थी लाभ लेते पाए गए जिनकी या तो मृत्यु हो चुकी है या फिर वह पेंशन योजना के लिए अपात्र हैं।

Praveen Sharma गाजियाबाद | हिन्दुस्तान, Fri, 20 Jan 2023 01:29 PM
share Share
Follow Us on
मरने के बाद भी दो हजार लोगों को मिल गई पेंशन, गाजियाबाद में बड़ी लापरवाही का खुलासा

सरकारी विभागों की लापरवाही के कारण गाजियाबाद जिले में मरने के बाद भी 2,074 लोगों के खाते में पेंशन की राशि पहुंचती रही। यह खुलासा विभागों की जांच में हुआ है। वहीं, 29 अपात्र भी पेंशन का लाभ लेते पाए गए। अब विभाग पेंशन योजना की राशि वसूलने में जुट गया है।

गाजियाबाद जनपद में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वृद्धा, जिला दिव्यांगजन कल्याण विभाग दिव्यांग पेंशन और प्रोबेशन विभाग के अंतर्गत विधवा पेंशन योजना संचालित है। शासन के आदेश पर वृद्धा, दिव्यांग और विधवा पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन किया गया तो पिछले साल 2,103 ऐसे लाभार्थी लाभ लेते पाए गए जिनकी या तो मृत्यु हो चुकी है या फिर वह पेंशन योजना के लिए अपात्र हैं। मृतकों के बैंक खाते से उनके अभिभावक एटीएम और विभिन्न माध्यम से राशि निकाल चुके हैं। वहीं, अपात्र पेंशनधारक भी बैंक खाते में आई राशि का उपयोग कर चुके हैं।

वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि साल में एक बार पेंशनधारकों का सत्यापन होता है, जिसमें अपात्रों और मृतकों के आवेदन निरस्त किए जाते हैं। अभिभावक अगर पेंशनधारक के मरने की सूचना नहीं देते तो यह राशि बैंक खाते में जाती रहती है। इसका खुलासा सत्यापन में होता है।

आधार सीडिंग में 550 से ज्यादा की पेंशन निरस्त

वित्त वर्ष 2022-23 से शासन ने आधार सीडिंग (आधार को आवेदन से लिंक कराना) का कार्य अनिवार्य कर था। पिछले करीब छह माह से विभाग आधार सीडिंग का कार्य कर रहे हैं। इस दौरान अब तक करीब 550 पेंशन धारक अपात्र पाए गए हैं, जिनकी पेंशन निरस्त कर दी गई है। इसमें मृतक,कर देने वाले और शर्त पूरी न करने वाले भी शामिल हैं।

सत्यापन में पाए गए अपात्र और मृतकों की स्थिति

योजना            मृतक       अपात्र

वृद्धा पेंशन        1990        08

दिव्यांग पेंशन     72           12

विधवा पेंशन      12            09

वर्तमान में पेंशनधारक

श्रेणी                             कुल पेंशनधारक

दिव्यांग पेंशनधारक              7901

विधवा पेंशन धारक               38,589

वृद्धा पेंशनधारक                 11,786

जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने कहा कि हर साल पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन किया जाता है। सत्यापन में जो भी अपात्र या मृतक पाए गए थे उनके आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं।