बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की तरह ही आज भोजपुरी सिनेमा भी अपनी पहचान बना चुका है। आज भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग भी विदेशो में हो रही है। हालांकि,भोजपुरी गानों को लेकर अक्सर विवाद भी सामने आए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों ने भी भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। आइए जानते हैं उन फिल्मों और स्टार्स के बारे में...
बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने भोजपुरी फिल्म 'गंगा' में काम किया था। इस मूवी में अमिताभ बच्चन ने उनके पति का किरदार निभाया था। इनके अलावा फिल्म में रवि किशन और मनोज तिवारी भी नजर आए थे।
मिथुन चक्रवर्ती भी भोजपुरी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। मिथुन ने 'सौतेले भाई', 'हम ही बनी मुखिया' और 'भोले शंकर' में लीड रोल निभाया है।
अमिताभ ने भोजपुरी फिल्म 'गंगा' के अलावा 'गंगोत्री', और 'गंगा देवी' जैसी फिल्मों में काम किया है।
बॉलीवुड के सिंघम यानी अजय देवगन भी भोजपुरी फिल्मों में अपना हाथ आजमा चुके हैं। उन्होंने साल 2006 में आई फिल्म ‘धरती कहे पुकार के’ में काम किया है। इसमें भी वह पुलिस के रोल में दिखाई दिए थे।
जग्गू दादा यानी जैकी श्रॉफ ने भोजपुरी फिल्म में काम किया है। जैकी ने भोजपुरी फिल्म ‘बलिदान’ में काम किया था। इसमें उनके साथ रवि किशन और रिंकू घोष नजर आए थे।
सलमान खान की मूवी 'मैंने प्यार किया' से मशहूर हुईं भाग्यश्री ने भी भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। भाग्यश्री ने ‘जनम-जनम के साथ’, ‘एक चुम्मा दे द राजाजी’ और देवा जैसी मूवीज में काम किया।
सलमान खान की फिल्म 'तेरे नाम' से अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस भूमिका चावला भी भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने भोजपुरी फिल्म ‘गंगोत्री’ में एक्टर मनोज तिवारी के साथ स्क्रीन शेयर किया था।
धर्मेंद्र भी इस इंडस्ट्री का हिस्सा रहे। उन्होंने ‘देश परदेश’, ‘दुश्मन का खून पानी है’, ‘इंसाफ की देवी’, ‘दरिया दिल’ जैसी मूवीज में काम किया है।