भाजपा के 'गांव चलो, बस्ती चलो' अभियान के तहत विधायक ने समस्याएं सुनीं
रुद्रपुर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर विधायक शिव अरोरा ने मलिक कॉलोनी में स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाया और...

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे 'गांव चलो, बस्ती चलो' अभियान के तहत विधायक शिव अरोरा ने शनिवार को भगत सिंह मंडल के वार्ड संख्या 31 मलिक कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 128 और 129 का प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल लगाकर स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। विधायक अरोरा ने सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों से भी भेंट कर उनकी राय जानी। इसके साथ ही बूथ संख्या 128 पर स्थित शिव मंदिर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। उन्होंने बूथ कमेटी की बैठक कर पन्ना प्रमुखों के गठन के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक अरोरा ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीब और जरूरतमंदों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जिन योजनाओं को धरातल पर उतारा है, वे आजादी के बाद से केवल कल्पना मात्र ही मानी जाती थीं। विधायक ने वार्ड भ्रमण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा निकाली और लोगों से जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हर गरीब को पक्का मकान, रसोई गैस, स्वच्छ जल और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, वेद ठुकराल, पार्षद पूजा मुंजाल, सचिन मुंजाल, देव मेनन, मनोज मदान, सुनीता मुंजाल, रेखा, स्वाति, शोभा, संदीप बाजवा, विक्की घई सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।