पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने नीलामी में स्पिनरों पर सबसे कम रकम खर्च की है। विग्नेश पुथुर को मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन की खोज कहा जा सकता है। पुथुर के ऊपर मुंबई ने 30 लाख रुपए खर्च किए। इसके अलावा, 2 करोड़ रुपए में मिचेल सैंटनर और इतने में मुजीब उर रहमान को अपने खेमे में शामिल किया है।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस मामले में नीचे से दूसरे नंबर पर आती है। हैदराबाद की टीम ने कुल छह करोड़ रुपए स्पिनरों को खरीदने पर खर्च किए हैं। हैदराबाद में स्पिनर्स की कीमत राहुल चाहर (3.40 करोड़), एडम जांपा (2.40 करोड़) और जीशान अंसारी (40 लाख) रुपए है।
आरसीबी का होम ग्राउंड भी बल्लेबाजों के लिए अच्छा माना जाता है। हालांकि इस सीजन में यहां पर गेंदबाजों को भी मदद है। अगर आरसीबी में स्पिनर्स की बात करें तो टीम ने 5.75 करोड़ रुपए में क्रुणाल पांड्या को अपने साथ किया था। वहीं, 2.60 करोड़ रुपए में उसने सुयश शर्मा को अपने साथ किया था। इसके अलावा मोहित राठी और लियम लिविंगस्टोन भी स्पिनर्स हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने साथ वानिंदू हसरंगा (5.25 करोड़) और महीश तीक्षणा (4.40 करोड़) में अपने साथ किया है। इसके अलावा कुमार कार्तिकेय भी स्पेशलिस्ट स्पिनर हैं, जिन्हें टीम ने 30 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था। तीक्षणा और हसरंगा ने अभी तक छह विकेट लिए हैं। वहीं, कार्तिकेय को एक विकेट मिला है।
दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन में स्पिनर्स के ऊपर 13.75 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इस रकम में उन्होंने कुलदीप यादव और विपराज निगम को अपने साथ जोड़ा था। इसके अलावा अक्षर पटेल को दिल्ली ने 16.50 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। इसीलिए स्पिनर्स पर खर्च की गई रकम में अक्षर पटेल के पैसे नहीं जोड़े गए हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के होम ग्राउंड पर स्पिनर्स को खूब मदद मिलती है। लखनऊ ने भी स्पिनर्स को खरीदते वक्त इस बात का खूब ख्याल रखा है। उन्होंने रवि बिश्नोई को 11 करोड़ रुपए में रिटेन किया था7 इसके बाद एम सिद्धार्थ को 75 लाख और दिग्वेश राठी को 30 लाख रुपए में अपने साथ जोड़े। एलएसजी में 2.30 करोड़ रुपए में शाहबाज अहमद भी हैं। अभी तक उसके स्पिनर्स खासतौर पर दिग्वेश राठी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने युजवेंद्र चहल के लिए जमकर पैसे खर्च किए थे। उसने 18 करोड़ रुपए में चहल को अपने साथ जोड़ा था। उनके अलावा हरप्रीत बरार को भी 1.50 करोड़ में एक बार फिर अपने साथ रखा। लेग स्पिनर प्रवीण दुबे 30 लाख रुपए में पंजाब का हिस्सा बने हैं। इस सीजन में बरार और दुबे को अभी तक मैच खेलने का मौका नहीं मिला है।
गुजरात टाइटंस की टीम में भी स्पिनर्स की भरमार है। राशिद खान को 18 करोड़ रुपए में पहले से ही टीम में रखा गया था। कप्तान शुभमन गिल को उनसे कम 16.50 करोड़ रुपए ही मिले थे। युवा मानव सुथार को बेस प्राइस 30 लाख रुपए में टीम से जोड़ा गया। 2 करोड़ रुपए में आर साई किशोर को गुजरात ने खरीदा था और वह अभी तक टीम के बेस्ट स्पिनर बनकर उभरे हैं। वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया को गेंदबाजी का मौका नहीं मिला है।
चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड चेपॉक, स्पिनर्स के लिए स्वर्ग माना जाता है। हालांकि शुरुआती मैचों में यहां पर बल्लेबाजों का ही बोलबाला रहा है। सीएसके की टीम में जडेजा पहले से ही मौजूद थे। इसके बाद चेन्नई ने अश्विन को 9.75 करोड़ में, नूर अहमद को 10 करोड़ में श्रेयस गोपाल को 30 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा।
केकेआर एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने दो स्पिनर्स वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण को रिटेन किया था। दोनों को 12 करोड़ रुपए की धनराशि मिली थी। इन दोनों के अलावा मयंक मारकंडे को बेस प्राइस 30 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था। फिलहाल आईपीएल में सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती की तूती बोल रही है।