राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग ने धांसू कीर्तिमान रच डाला है। वह आईपीएल में एक ओवर में पांच छक्के ठोकने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। पराग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर मोईन अली के खिलाफ यह कारनामा किया। शिमरोन हेटमायर ने 13वें ओवर में पहली गेंद पर सिंगल लिया, जिसके बाद स्ट्राइक पर पराग के आए। उन्होंने फिर लगातार पांच हवाई फायर किए। मोईन ने कुल 32 रन लुटाए, जिसमें एक वाइड भी है। पराग ने 45 गेंदों में 6 चौकों और 8 छक्कों की मदद 95 रनों की पार खेली। हालांकि, आरआर को रोमांचक मैच में एक रन से हार झेलनी पड़ी।
आईपीएल में सबसे पहले एक ओवर में पांच छक्के लगाने का कमाल क्रिस गेल ने किया था। गेल ने साल 2012 में पुणे वॉरीयर्स इंडिया के गेंदबाज राहुल शर्मा के ओवर में पांच छक्के मारे थे। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गेल तब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते थे।
लिस्ट में दूसरे नंबर पर राहुल तेवतिया हैं। उन्होंने आईपीएल 2020 में शेल्डन कॉटरेल के ओवर में पांच छक्के उड़ाए थे। कॉटरेल उस वक्त पंजाब फ्रेंजाइजी में थे। वहीं, तेवतिया राजस्थान का हिस्सा थे। तेवतिया अब गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स धाकड़ ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा भी एक ओवर में पांच सिक्स मारने का कारनामा अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 में हर्षल पटेल की कुटाई करते हुए ऐसा कमाल किया। हर्षल उस समय आरसीबी में थे।
सूची में केकेआर के बल्लेबाज रिंकू सिंह चौथे पायदान पर हैं। रिंकू साल 2013 में यश दयाल के ओवर में पांच छक्के लगाकर रातों-रात स्टार बन गए थे। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ हैरतअंगेज जीत दिलाई थी। दयाल फिलहाल आरसीबी में हैं।