34 साल बाद आठ कांग्रेसियों के खिलाफ लखनऊ हाई कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट, मिली जमानत
- लखनऊ में 34 वर्ष पूर्व बेरोजगारी के मुद्दे पर धरना प्रदर्शन करने वाले सहारनपुर के आठ कांग्रेसियों के गैर जमानती वारंट जारी हो गए हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि उनको इस बीच कोर्ट से न कोई नोटिस आया और न ही कोई सूचना दी गई।

लखनऊ में 34 वर्ष पूर्व बेरोजगारी के मुद्दे पर धरना प्रदर्शन करने वाले सहारनपुर के आठ कांग्रेसियों के गैर जमानती वारंट जारी हो गए हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि उनको इस बीच कोर्ट से न कोई नोटिस आया और न ही कोई सूचना दी गई। इनमें से पांच की मौत हो चुकी है। बाकी तीन वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनऊ कोर्ट में पेश होकर अब जमानत ली है। पीसीसी सदस्य नरेंद्र शर्मा ने बताया कि 34 साल पूर्व वह यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष थे। तब लखनऊ में विधानसभा भवन के सामने विनोद चौधरी तत्कालीन अध्यक्ष उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में भारी संख्या में युवाओं ने बेरोजगारी के मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन किया था। पुलिस ने तब लाठीचार्ज कर दिया था, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए थे।
सहारनपुर से उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक शारदा, नरेंद्र कुमार, स्व. प्रमोद वत्स, स्व. जेए खान, स्व. लियाकत अली और स्व. फखरुद्दीन भी लखनऊ गए हुए थे। लाठीचार्ज में सभी आठ कार्यकर्ता घायल हुए थे। पुलिस ने सभी को उपचार दिलाकर लखनऊ के थाना हजरतगंज में रखा था। इसके पश्चात उन्हें सेंट्रल जेल लखनऊ भेज दिया था, जहां पर उनसे मुलाकात करने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण तिवारी, पूर्व गृहमंत्री ब्रह्मदत्त शर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंह, सहारनपुर के पूर्व नगर विधायक सुरेंद्र कपिल आदि ने जेल में उनसे मुलाकात की थी। इसके पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कहने पर सभी को रिहा कर दिया था। इसके पश्चात वह सहारनपुर लौट आए, लेकिन यह मामला लखनऊ कोर्ट में चल रहा था, लेकिन इस बारे में उनको न ही कोई समन मिला और न ही कोई नोटिस आया है।
अब 34 साल बाद सभी के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। तब, उनको अदालत में चल रहे मुकदमे के बारे में पता चला है। आठ कांग्रेसियों में पांच का निधन हो चुका है, जबकि नरेंद्र शर्मा, अशोक शारदा, नरेंद्र कुमार ने लखनऊ अदालत में पेश होकर जमानत ली है। इनके सभी के साथ महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा भी लखनऊ गए थे। उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का निधन हो चुका है। उनकी मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी अदालत में दिए गए हैं।
हमारी कोई गलती नहीं : नरेंद्र शर्मा
पीसीसी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि गैर जमानती वारंट जारी करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने हजरतगंज थाना पुलिस को फटकार भी लगाई है। क्योंकि, उन तक आज तक समन ही नहीं पहुंच पाए थे। नरेंद्र शर्मा का कहना है कि हमारी कोई गलती नहीं है। क्योंकि, हमारे पास 34 वर्षों से कोर्ट के समन आए ही नहीं। सीधे-सीधे हमारे खिलाफ गैर जमानती वारंट कर दिए। हम न्यायपालिका का सम्मान करते हैं।