दुल्हन को विदा करा घर की बजाए सीधे थाने पहुंचा दूल्हा, बातें सुन पुलिस भी रह गई दंग; दौड़ पड़े थानेदार
दूल्हे के घरवाले, घर पर आरती की थाली सजाए उनके स्वागत की तैयारी के साथ इंतजार कर रहे थे। दूल्हा-दुल्हन के यूं थाने में आ जाने से थानेदार को मामला गंभीर होने का अंदेशा हुआ। जांच के लिए वह खुद ही दौड़ पड़े। दूल्हे से पूरे मामले की जानकारी लेकर उन्होंने तत्काल पुलिस टीमों को रवाना कर दिया।

यूपी के देवरिया में शादी के बाद एक दूल्हा अपनी दुल्हन को ससुराल विदा कराकर घर ले जाने की बजाए सीधे थाने ले लगा। सजी-धजी गाड़ी में थाने में आए दूल्हा-दुल्हन को देखकर पुलिसवाले भी दंग रह गए। उधर, दूल्हे के घरवाले, घर पर आरती की थाली सजाए उनके स्वागत की तैयारी के साथ इंतजार कर रहे थे। दूल्हा-दुल्हन के यूं थाने में आ जाने से थानेदार को मामला गंभीर होने का अंदेशा हुआ और वे जांच के लिए खुद ही दौड़ पड़े। दूल्हे से पूरे मामले की जानकारी लेकर उन्होंने तत्काल पुलिस टीमों को रवाना कर दिया। अगले दो घंटे में पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन की समस्या का समाधान कर दिया। इसके बाद वे अपने घर को लौट गए।
यह वाकया देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र का है। यहां एक गांव से बारात महुआडीह थाना क्षेत्र के हेतिमपुर टोल प्लाजा के पास गई थी। दूल्हे के साथ शादी के पलों को संजो कर रखने के लिए कैमरामैन भी गए थे। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात शादी के दौरान किसी बात को लेकर कैमरामैन से कुछ लोगों का विवाद हो गया। रात को लोगों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। इसके बाद शादी संपन्न हुई।
वैवाहिक कार्यक्रम पूरा करने के बाद सुबह दूल्हा दुल्हन की विदाई करा घर के लिए निकला। घर पर दुल्हन के स्वागत के पलों को कैद करने के लिए कैमरामैन भी साथ ही था। आरोप है कि दूल्हा और दुल्हन की गाड़ी अभी गांव के बाहर ही पहुंची थी। इस बीच बाइक सवार कुछ युवक आ गए और दूल्हे की गाड़ी से खींच कर कैमरा मैन को लेकर चले गए।
कैमरा मैन को बचाने की दूल्हे ने काफी कोशिश की लेकिन नाकाम रहा। इसके बाद दूल्हा सजी-धजी गाड़ी में ही थाने पर पहुंच गया और पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। उसने कैमरा मैन को बैजनाथपुर गांव के पास से बरामद कर लिया। कैमरामैन सूरज का आरोप है कि सात लोग मिल कर उसे बाइक से उठा ले गए थे और उसकी पिटाई करने के बाद 30 हजार रुपए भी छीन लिया।
क्या बोली पुलिस
रामपुर कारखाना थाने के प्रभारी निरीक्षक रामपुर कारखाना गोरखनाथ सरोज ने कहा कि गांव के ही कुछ लोगों ने बारात में कैमरा मैन से विवाद किया था। उसी विवाद में कैमरामैन को दूल्हे की गाड़ी से उतार लिया था। कैमरामैन को बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।