पटाखा फैक्ट्री धमाका : उपचार के बाद झुलसी चारों महिलाओं की हालत में सुधार
Amroha News - रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कलां में पटाखा फैक्ट्री में धमाके में चार महिलाओं की हालत में सुधार आया है। उन्हें मेरठ के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है। हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई थी और...

रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव अतरासी कलां में संचालित पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को हुए धमाके में झुलसी चार महिलाओं की हालत में कुछ सुधार आया है। मेरठ के ट्रामा सेंटर में भर्ती इन महिलाओं के भी जल्द अस्पताल से डिस्चार्ज होने की उम्मीद जताई जा रही है। चिकित्सकों की ओर से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद परिजनों ने भी राहत की सांस ली है। हादसे में क्षेत्र के गांव पप्सरा निवासी रूमा व सर्वेश के साथ ही रजबपुर निवासी शहनाज व रुखसाना की दर्दनाक मौत हो गई थी जबकि एक युवक समेत फैक्ट्री में मौजूद आठ अन्य महिलाएं झुलस गई थीं।
झुलसी महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने नाजमीन व सोनिया की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के ट्रामा सेंटर रेफर किया था। उपचार के बीच दोनों की हालत में बुधवार को सुधार बताया गया है। वहीं, मंगलवार को जिला अस्पताल से मेरठ रेफर की गई पूजा व मोना की स्थिति भी अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। उपचार कर रहे चिकित्सकों ने चारों महिलाओं की स्थिति में सुधार आने की बात कही है। इस बीच परिजनों को भी उनके जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज होने की उम्मीद बंधी है। इसके अलावा अन्य घायल महिलाओं का उपचार परिजन अब निजी अस्पताल में करा रहे हैं। जिला प्रशासन भी पीड़ितों की स्थिति पर पल-पल की नजर बनाए हुए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।