मौसम ने बदली करवट, आंधी बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान
Amroha News - अमरोहा/गजरौला, हिटी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी जिले में मौसम का खराब रहा। शाम के समय आंधी-बारिश गेहूं की फसल पर आफत बनकर टूटी। बारिश से जिले में कई स्

शुक्रवार को दूसरे दिन भी जिले में मौसम का खराब रहा। शाम के समय आंधी-बारिश गेहूं की फसल पर आफत बनकर टूटी। बारिश से जिले में कई स्थानों पर कटा हुआ गेहूं भीगने व आंधी में भूसा उड़ने के मामले भी सामने आए हैं। वहीं आंधी बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। गर्मी से आमजन को राहत मिली है। मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन अभी और मौसम खराब रहेगा। उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते मौसम में बदलाव आया है। जिले में गेहूं की फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है। क्षेत्र में गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है। मजदूरों की कमी के चलते गेहूं कटाई का काम तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। गुरुवार सुबह अचानक आसमान में काले बादल छा गए। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शाम के समय आंधी-बारिश ने दस्तक दी। रातभर मौसम खराब रहा। दूसरे दिन शुक्रवार को भी मौसम खराब रहा। शुक्रवार शाम को जिलेभर में आंधी-बारिश गेहूं की फसल पर आफत बनकर टूटी। अमरोहा, गजरौला समेत आसपास के इलाकों में आंधी-बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान बताया जा रहा है। बारिश में कटा हुआ गेहूं भीगने से किसानों को नुकसान हुआ है। बारिश के चलते गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग कार्य प्रभावित हुआ है। बारिश के बाद भी मौसम खुला नहीं है। आसमान में बादल उमड़ रहे हैं। आसमान में बिजली कड़कड़ाती रही। मौसम के बदले मिजाज ने अन्नदाता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम में बदलाव के चलते गेहूं का उत्पादन कम होने की चिता किसानों को सताने लगी है। वहीं फसल भीगने से गेहूं की चमक भी फीकी पड़ सकती है। इससे किसानों को उपज के वाजिब दाम नहीं मिलने की चिता सताने लगी है। जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार ने बताया कि बारिश और तेज हवा के चलते क्षेत्र में कुछ स्थानों पर गेहूं की फसल गिरी है। कुछ स्थानों पर कटा हुआ गेहूं भीग गया है। यदि अब और बारिश होती है तो गेहूं की फसल को नुकसान होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।