ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से गंभीर घायल कक्षा छह के छात्र की भी मौत, दो हुई मृतकों की संख्या
Amroha News - हसनपुर के भावली मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने से 11 वर्षीय मनीष की मौत हो गई। हादसे में पहले ही माया की जान चली गई थी। मनीष कक्षा छह का छात्र था और माया का भतीजा था। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं,...

हसनपुर। रहरा क्षेत्र के भावली मोड़ पर नदी की पुलिया पर ट्रैक्टर-ट्राली के पलटने से घायल हुए कक्षा छह के छात्र की भी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई है। परिवार में कोहराम मचा है। कई घायलों का अभी उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी शीशपाल सिंह के पांच वर्षीय बेटे सुमित के मुंडन संस्कार की दावत से लौटते वक्त उसकी ननिहाल गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कुदैना चक निवासी लोगों की ट्रैक्टर-ट्राली सोमवार रात रहरा थाना क्षेत्र में भावली मोड़ के पास काली नदी की पुलिया पर पलट गई थी।
हादसे में ट्राली सवार 20 वर्षीया माया पुत्री राम सिंह की मौत हो गई थी जबकि गांव निवासी 20 वर्षीया संतोष पुत्री कुंदन, 12 वर्षीया अर्चना पुत्री लीलापत, 18 वर्षीया प्रीति पुत्री प्रकाश, 11 वर्षीय मनीष पुत्र ब्रह्म सिंह व दया सिंह समेत दस से अधिक लोग घायल हो गए थे। नाजुक हालत में पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रहरा सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया था। परिजनों के मुताबिक मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात 11 वर्षीय मनीष की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को उसका शव गांव लाया गया, परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि मनीष गांव के ही स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह हादसे में मृत माया का भतीजा था। परिवार में दो मौत होने से हर कोई गमगीन है। वहीं रहरा थानाध्यक्ष कुमरेश त्यागी ने हादसे में मनीष की मौत की पुष्टि की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।