अयोध्या में मौसम की सबसे गर्म रात 28 डिग्री पंहुचा पारा
Ayodhya News - अयोध्या में मंगलवार की रात सबसे गर्म रात रही, जिसमें न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने के बाद गर्मी से लोग बेहाल हो गए। मौसम विभाग ने बूंदाबंदी की...

अयोध्या, संवाददाता। रामनगरी में मंगलवार की रात मौसम की सबसे गर्म रात के रूप में दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं दूसरी तरफ 10 दिन बाद एक बार फिर अधिकतम पारा 38 डिग्री होने के बाद गर्मी ने बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूर्य देवता की किरणें आग उगलने लगीं। हालांकि मौसम विभाग लगातार पुरवा हवाओं के चलने से आने वाले दिनों में बूंदाबादी की संभावनाओं को बनाए रखा है। नौतपा ने तीसरे दिन की रात से अपना असर दिखाया है। इस मौसम में अभी तक इतनी गर्म रात नही हुई जितनी मंगलवार को महसूस की गई है।
हालांकि रविवार की रात तापमान 27.5 डिग्री हो गया था लेकिन इसके दूसरे दिन यानि सोमवार की रात पारा गिरा और 26.5 पर पहुंच गया। इसके बाद दूसरी रात फिर एकाएक तापमान ने उछाल मारी। बुधवार की सुबह सात बजने के साथ ही सूर्य देवता की किरणें शरीर मे चुभनें लगीं। देखते -देखते दस बजने के साथ भरी दोपहरी जैसी गर्मी सताने लगी। जैसे- जैसे दिन चढ़ता गया तपिश बढ़ती गई। शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से लोग बेहाल दिखाई दिए। बाजारों में ग्राहक और मार्ग पर दो पहिया वाहनों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षाकृत कम दिखने लगी। जल्द से जल्द घर पहुंचने की जल्दबाजी में लोग दिखाई देते रहे। कुछ मिनट भी धूप बर्दाश्त नही हो रही थी। सबसे ज्यादा समस्या रामधाम में श्रद्धालुओं को होती दिखाई पड़ी। राम पथ पर छांव न होने के कारण किसी तरह आगे बढ़ने के साथ गंतव्य तक पहुंचने की जददोजहद करते रहे। फुटपाथ के किनारे दुकानदारों द्वारा धूप से बचने के किये गए इंतजामों में श्रद्धालु भी सिमटे नजर आ रहे थे। सबसे ज्यादा समस्या बुजुर्ग और बच्चों को होती दिखाई पड़ी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्रा ने बताया तापमान अधिक हुआ है लेकिन पुरवा हवाओं की दखलअंदाजी कम नहीं हुई है, वातावरण में नमी बरकरार है। इसलिए कभी भी बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। उन्होंने बताया फिलहाल आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के व आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज- चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। उन्होंने बताया कि अभी वर्तमान मौसम फसलों के लिए नुकसानदायक नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।