आंधी में पेड़ गिरने से दीवार ढही, दबकर दिव्यांग महिला की मौत
Badaun News - बदायूं में एक दिव्यांग महिला अनीता की आंधी में पेड़ गिरने से दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना बुधवार रात सिद्धपुर गांव में हुई, जब परिवार टीन शेड के नीचे सो रहा था। अनीता की मौत से परिवार में...
बदायूं। आंधी में पेड़ गिरने से गिरी दीवार के मलबे में दबकर दिव्यांग महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के कुछ लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हादसा बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के सिद्धपुर गांव में बुधवार रात को हुआ। यहां के रहने वाले राम अवतार का परिवार घर में बने टीन शेड के नीचे सो रहा था। रात में अचानक तेज आंधी आई, जिसमें एक पेड़ उनके टीन शेड पर आ गिरा। इससे शेड की दीवार ढह गई और मलबे में दबकर राम अवतार की पत्नी अनीता की मौत हो गई।
अनीता दिव्यांग थीं और हाथ-पैर से लाचार थीं, इस कारण वह चारपाई से उठ नहीं सकीं। घटना के वक्त परिवार के बाकी सदस्य भी वहीं सो रहे थे, लेकिन वे दूसरी ओर थे, इसलिए उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे अनीता के परिजनों ने बताया कि अनीता दीवार के सहारे चारपाई पर सो रही थीं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अनीता की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।