बागपत : कार सवार दंपति का अपहरण, पति के सामने पत्नी से किया दुष्कर्म
Bagpat News - बागपत के एक मोहल्ला निवासी दंपति का अपहरण किया गया। आरोप है कि पति के सामने पत्नी के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया। पति ने...

बागपत। क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी कार सवार एक दंपति का कार और बाइक सवार छह युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोप है कि पति के सामने पत्नी के साथ दुष्कर्म किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। बागपत के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति पुरानी गाड़ियों की खरीद फरोख्त का काम करता है। मंगलवार को वह गाजियाबाद में पुरानी कार बेचने गया था। उसके साथ उसकी पत्नी भी थी। देर शाम वे दोनों कार से वापस बागपत लौट रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर डूंडाहेड़ा के पास बाइक और कार से आए छह युवकों ने उन्हें घेर लिया। कार नहीं रोकने पर उन्होंने तमंचे से उनकी कार के पहिये में गोली मारी और फिर कार से साइड मार दी जिससे उनकी कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इसके बाद वे पति-पत्नी को अपनी कार में डालकर डूंडाहेड़ा के जंगल में ले गए। आरोप है कि वहां उन्होंने पति के सामने ही पत्नी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दोनों को हमला कर घायल भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपति को बरामद कर लिया। साथ ही तीन आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस उनसे पूछताछ करने में लगी है। घायल पति पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पति का कहना है कि उनके साथ घटना पहली पत्नी के भाइयों ने की है। उनको नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर भी दे दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।