Ganga Dussehra Celebrations Devotees Take Dips and Offer Prayers at Yamuna River गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने यमुना में लगाई आस्था की डुबकी, Bagpat Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBagpat NewsGanga Dussehra Celebrations Devotees Take Dips and Offer Prayers at Yamuna River

गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने यमुना में लगाई आस्था की डुबकी

Bagpat News - गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में डुबकी लगाई और विशेष पूजा-अर्चना की। शहर के विभिन्न घाटों पर भंडारे और मीठे पानी का वितरण किया गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, और राहगीरों को ठंडा शर्बत...

Newswrap हिन्दुस्तान, बागपतFri, 6 June 2025 02:04 AM
share Share
Follow Us on
गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने यमुना में लगाई आस्था की डुबकी

गंगा दशहरा पर गुरुवार को शहर के पक्का घाट, काठा, मवीकला, निवाडा ओर सुभानपुर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। वहीं, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। शहर में जगह-जगह भंडारे और मीठे पानी का वितरण किया गया। गंगा दशहरा पर शहर के पक्का घाट पर दिन निकलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने यमुना में आस्था की डुबकी लगाकर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद घाट पर मौजूद साधू-संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उधर, गुफा मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगीं।

मंदिर गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। शहर के पक्का घाट मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, बागेश्वर मंदिर, शालीग्राम मंदिर, मेरठ-बागपत रोड स्थित शिव मंदिर में लोगों ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद बांटा। शहर में जगह-जगह मीठे पानी का वितरण किया। यही हाल काठा, मवीकला ओर सुभानपुर के यमुना घाटों पर देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान किया और फिर विधि-विधान के साथ यमुना मईया का पूजन किया। उधर, अग्रवाल मंडी टटीरी में समाज सेवियों ने प्याऊ लगाकर शर्बत पिलाया। ज्योतिषाचार्य पंडित गौरीशंकर शर्मा ने बताया कि राजा भगीरथ की कठिन तपस्या के बाद ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी को गंगा माता का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। ------- गंगा घाट पर तैनात रही पुलिस और गोताखोर गंगा दशहरे पर कोई हादसा न हो, इसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस कर्मी घाट पर पहुंच गए थे और फिर श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वहीं, गोताखोरों की टीम भी नाव के साथ घाट पर मौजूद रही। कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी ने यमुना घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। --------- गंगा दशहरा पर मार्गों पर लगा शीतल जल सेवा शिविर खेकड़ा। गंगा दशहरा पर्व पर राहगीरों को शीतल पेय पिलाने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इसी क्रम में युवाओं ने अपने सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए गर्मी से जूझ रहे लोगों को ठंडे पेय उपलब्ध कराए। कस्बे के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर वाहन रुकवाकर राहगीरों को शीतल पेय वितरित किया गया। गर्म हवाओं के बीच ठंडी ठंडाई और शरबत पीकर लोग राहत महसूस करते नजर आए। युवाओं की इस सेवा भावना की लोगों ने सराहना की। गर्मी के मौसम में शीतल पेय पीकर राहगीर खुश नजर आए। ------ मीठा शर्बत वितरित किया बिनौली। गंगा दशहरा पर्व पर गुरुवार को गांव गांव में ग्रामीणों ने स्टाल लगाकर राहगीरों को शिंकजी व मीठा शर्बत पिलाया। बिनौली में सत्यप्रकाश वर्मा, देवेंद्र धामा, विनय धामा, सत्यपाल फौजी, लीलू धामा, मनोज धामा आदि ग्रामीणों ने मेन बाजार, बरनावा मार्ग पर पर राहगीरों को शर्बत पिलाया। इनके अलावा, जिवाना, बरनावा, शाहपुर बाणगंगा, चंदायन मोड़, सिरसलगढ़, गढ़ीदुल्ला, जौहड़ी आदि गांव में भी ग्रामीणों ने स्टाल लगाकर राहगीरों व वाहन चालकों को मीठा शर्बत पिलाया। ------- गंगा दशहरे पर राहगीरों को पिलाया मीठा शर्बत दाहा। चौगामा क्षेत्र में गुरुवार को दोघट-टीकरी मार्ग, पुसार-बराल मार्ग, दोघट-गांगनौली मार्ग, दाहा-बरनावा मार्ग, बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग, पलड़ी, भड़ल, दाहा, पुसार आदि गांवों के लोगों ने राहगीरों को रोककर ठंडा शर्बत पिलाया। इससे राहगीरों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राहगीरों का कहना था कि गंगा दशहरे पर जगह-जगह ठंडे शर्बत की प्याऊ लगा कर जहां एक तरफ पुण्य कार्य किया जा रहा है, वहीं राहगीरों को इससे बड़ी राहत मिल रही है। इस मौके पर अंकित सौरभ, गोपाल, सागर, प्रवीण, अंकुश, गौरव राठी, मनीष आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।