10 दिन से जिसका हुआ है अपहरण, वह घूमते आया नजर
Balia News - सुखपुरा में घोसवटी कांड के संदर्भ में नया मोड़ आया है। अपहरण का दावा करने वाले अजय तिवारी ई-रिक्शा और बोलेरो में घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अपहरण की गुत्थी...

सुखपुरा, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के घोसवटी कांड में सोमवार को नया मोड़ आ गया है। जिस अजय तिवारी के अपहरण का दावा करीब दस दिन से किया जा रहा है, वह कभी ई-रिक्शा तो कभी बोलेरो से घुमते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि फिलहाल इस अपहरण कांड के रहस्य से पर्दा नहीं हट सका है। घोसवटी निवासी अजय तिवारी पिछले शनिवार की रात संदिग्ध रुप से लापता हो गये। परिजनों ने कुछ लोगों पर हथियार के बल पर अगवा करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने पांच लोगों पर अपहरण का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। इसको लेकर जनपद में राजनीति भी तेज हो गयी थी। सत्ता पक्ष व विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे। पुलिस की चार टीमें भी उनका सुराग लगाने में कामयाब नहीं हो सकी है। इसी बीच सोमवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। यह वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान उक्त वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में गड़वार के त्रिकालपुर मोड़ पर एक व्यक्ति ई-रिक्शा पर सवार नजर आ रहा है। दावा है कि वह अजय तिवारी है। कहा जा रहा है कि त्रिकालपुर मोड़ पर उतरने के बाद एक दुकान पर जूस पीया और फिर चले गये। इस दौरान उनका सामना घोसवटी गांव के प्रधान सुरेश पासवान से भी हुआ था। ग्राम प्रधान ने भी अजय तिवारी को देखने की बात पुलिस को बतायी है। लोगों का कहना है कि सोमवार को भी उनको बोलेरो में बैठकर कहीं जाते हुए लोगों ने देखा है। यही नहीं, अजय गड़वार थाना क्षेत्र के नारायनपाली गांव अपने किसी परिचित के यहां भी गये थे। वैसे उनके परिजन अब भी उनके अपहरण का दावा कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।