बच्चों को दी साइबर क्राइम से जुड़ी जानकारी, फोटो एडिटिंग और गेमिंग ऐप से बचने की सलाह
Balia News - रानीगंज में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में समर कैम्प चल रहा है, जिसमें बच्चों को कानून, साइबर ठगी, नशे से बचाव और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। बैरिया कोतवाली की महिला पुलिस निरीक्षक ने...

रानीगंज, हिन्दुस्तान संवाद। छात्र-छात्राओं में आपसी समझ और सहयोग की भावना विकसित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इन दिनों बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में समर कैम्प आयोजित किया जा रहा है। इसमें बच्चों को अहम जानकारियां दी जा रही हैं। इसी क्रम कैम्प के सातवें दिन बुधवार को बैरिया ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय भीखाछपरा पर बैरिया कोतवाली की महिला पुलिस निरीक्षक कीर्ति त्रिपाठी व जया गोस्वामी ने बच्चों को कानून, साइबर ठगी, नशे से बचाव और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी। महिला एसआई ने बताया कि किसी भी परेशानी में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद ली जा सकती है।
पुलिस को मित्र समझें और हर समस्या साझा करें। बच्चों को बताया गया कि प्राथमिकी कैसे दर्ज कराई जाती है और पुलिस से कैसा व्यवहार करना चाहिए। सड़क दुर्घटना के समय घायलों की मदद कैसे करें, इसकी भी जानकारी दी गई। साइबर अपराध पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बताया गया कि सोशल मीडिया और अनधिकृत एप से कई अपराध होते हैं। फोटो एडिटिंग और गेमिंग एप से बचने की सलाह दी। अज्ञात नंबर से कॉल या वीडियो कॉल नहीं उठाने की हिदायत भी दी गई। बच्चों ने भी कई सवाल किए, जिसका जवाब कीर्ति त्रिपाठी ने दिया। बच्चों द्वारा बनाई गयी साइबर अपराध से जुड़ी कलाकृतियों व लिखित प्रार्थना पत्रों को उन्होंने सराहा। इस दौरान श्याम नन्दन मिश्र, पंकज, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आशा पासवान व मीरा आदि थीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।