नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला नियुक्ति पत्र
Balrampur News - बलरामपुर में ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई। नव चयनित कार्यकत्रियों को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम और जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए। यह कार्यकत्रियाँ गर्भवती महिलाओं...

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में ऑगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न हुई। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डीएम व जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र सौंपा। जिला स्तर पर वितरण कार्यक्रम के पश्चात विकास खंडवार नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों ने ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों का गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के सुपोषण में महत्वपूर्ण रोल होता है। ऑगनबाड़ी कार्यकत्री यह सुनिश्चित करें कि ग्राम में सभी गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण हो साथ ही जननी सुरक्षा योजना व मातृत्व सुरक्षित अभियान आदि योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को मिले।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं। सभी बच्चे सुपोषित हों, सभी नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्री इस क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य करें। जिला पंचायत अध्यक्षा आरती तिवारी ने नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शुभ कामनाएं दी। कहा कि सभी कार्यकत्री लगन एवं मेहनत से अपने कार्यों का निर्वहन करें। सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनमानस की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाते हुए खाली पड़े ऑंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पदों को भरने का काम किया है। ऑगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं मेरिट के आधार पर सम्पन्न हुई है। ऑगनबाड़ी कार्यकत्री के रिक्त पदों को भरे जाने से गांवों में सुपोषण का स्तर और बेहतर होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा ने कहा कि जनपद स्तर पर आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना शहर एवं देहात की नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। जल्द ही विकास खंडवार कार्यक्रम करके सभी चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल व उतरौला के राम प्रताप वर्मा ने नव चयनित ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु गुप्ता, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी सहित सभी सीडीपीओ व अन्य लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।