सेना के पराक्रम को दुनिया ने माना: कमलेश
Balrampur News - बलरामपुर में भाजपा ने शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को विशेष सम्मान दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगा लहराते...

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में भाजपा की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विशेष सम्मान दिखाया गया। इस यात्रा में शहर के विभिन्न हिस्सों से लोग शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तिरंगा और स्लोगन पट्टिका लेकर सेना के सम्मान में नारे लगाए। भाजपा की ओर से आयोजित की गई सभा के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष व जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में रमना पार्क से तिरंगा यात्रा रवाना की गई। यात्रा सिटी पैलेस, मेजर चौराहा, चौक बाजार, सब्जी मंडी और सराय फाटक होते हुए वीर विनय चौराहा पहुंची।
जहां सभी लोगों ने अमर शहीद वीर विनय कायस्था की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। यात्रा में लोगों ने भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारे लगाए। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों ने भारतीय सेना के प्रति अपना सम्मान और समर्थन दिखाया। यात्रा में शामिल लोगों का कहा कि सेना के जवानों की वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने सेना के सम्मान में एकजुटता दिखाते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने कहा कि भारतीय सेना का पराक्रम दुनिया ने देखा है। तीनों सेना ने मिलकर पाकिस्तान के आतंकियों पर हमला कर उन्हें खत्म करने का काम किया है। पीएम मोदी के दृढ़ इच्छा शक्ति से पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर के कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला के राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, नगर पालिका चैयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, उतरौल चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, विनय कुमार मिश्र, डीपी सिंह बैस, वरुण सिंह मोनू व देव कुमार मिश्र शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।