बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने सर्तक रहने का निर्देश दिया
Barabanki News - सूरतगंज में डीएम शशांक त्रिपाठी ने बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया और कटान रोकने के लिए चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बचाव कार्य बाढ़ आने से पहले पूरा...
सूरतगंज (बाराबंकी)। बाढ़ के वक्त कटान रोकने के लिए चल रही परियोजनाओं का जायजा लेने शुक्रवार के दोपहर एक बजे डीएम शशांक त्रिपाठी बाढ़ राहत शिविर केंद्र पहुंचे। उसके बाद में संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद बाढ़ खंड अधिकारियों को बाढ़ से पहले कटान स्थलों पर सभी बचाव कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए है। परक्यू पाइन में मक्के के पौधे डालकर बाढ़ से बचाव की खबर हिन्दुस्तान ने प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण किया। नौ करोड़ रूपये की लागत से सूरतगंज ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हेतमापुर के बेलहरी, केदारीपुर में संचालित हो रहे जीओ बैग स्टड, और हेतमापुर के उधियापुर गांव से लेकर बेलहरी गांव के बीच में 920 मीटर तक तैयार किए जा रहा परक्यू पाइन का कार्य और कुसौरा गांव में निर्मित पत्थरों के ठोकर व जीओ बैग कार्य का स्थलीय निरीक्षण के लिए जिलाधिकारी पहुंचे।
उन्होंने सबसे पहले निर्मित हो रहे बाढ़ राहत शिविर केंद्र का हाल देखा। संबंधित ठेकेदार को तत्काल चारों तरफ से चहारदीवारी का निर्माण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बेलहरी गांव पहुंच करके 16 स्थानों पर लग रहे जीओ बैग स्टड का कार्य देखा। जहां मौजूद प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप अवस्थी से पिछले वर्ष हुए कटान की जानकारी ली। उसके बाद हेतमापुर पहुंच कर डीएम ने परक्यू पाइन के स्थिति से रूबरू हुए। यहां परदेशी और उमाशंकर आदि ने पेड़ों की टहनियों की जगह मक्का के पेड़ डालने का विरोध भी जताया है। वहीं कटान न होने के लिए खड़े किए तीन कोने के परक्यू पाइन उलट जाने की बात रखी। मनीष कुमार मिश्र और बसंत मिश्र ने सरयू नदी उफनने पर तटबंध तक पानी पहुंचने की बात कही। वहीं डीएम ने बाढ़ पीड़ितों को आश्वस्त देते हुए बताया कि कटान भी अबकी बार नुकसान नहीं पहुंचा सकती। उसके बाद डीएम बांध पर होकर कुसौरा गांव पहुंचे। जहां पर जीओ बैग व बांध के किनारे लगाये जा रहे पत्थरों का जायजा लिया। बाढ़ खंड के अवर अभियंता शशिकांत सिंह ने बताया कि पत्थर के बीच में जो दरारे आई हैं। उसे पत्थर ने अपनी जगह पक्की की है। जितना अंदर बैठेगा उतना ही पत्थर और मजबूत होगा। वहीं डीएम ने समस्त कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि बाढ़ आने से पूर्व समस्त कार्य पूर्ण कर लें। ताकि यहां बाढ़ पीड़ितों को कोई समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी रामनगर विवेकशील यादव, तहसीलदार महिमा मिश्रा, सीओ रामनगर गरिमा पंत, थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला, एडीओ पंचायत राजेंद्र यादव, जेई एमआई लालमणि यादव, सचिव वीरेश वर्मा, रोहित कुमार आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।