सुलतानपुर: तपती दोपहरी में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, 40 डिग्री तक पहुंचा पारा
Barabanki News - बाराबंकी में गर्मी ने शनिवार को कहर बरपाया। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग परेशान हो गए। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, जबकि गन्ने के जूस की दुकानों पर भीड़ बढ़ी। मौसम विभाग के...

बाराबंकी। गर्मी ने शनिवार को अपना कहर ढा दिया। सुबह से ही सूरज आग उगल रहा था। दोपहर होते-होते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। घर से बाहर निकलना किसी सजा से कम नहीं लग रहा था। शहर की सड़कें दोपहर में वीरान नजर आईं। कुछ लोग जरूरी काम से निकले भी, उन्होंने छतरी, गमछा और स्टॉल जैसे साधनों से खुद को तेज धूप से बचाने की पूरी कोशिश की। 24 घंटे में बढ़ गया तापमान: मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी हवाएं बहने से औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। बाजार दोपहर में कम रही चहल पहल: दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें खाली पड़ी थीं और बाजारों में भी चहल-पहल कम हो गई थी। राहगीर छांव की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। पसीने से तरबतर बच्चे स्कूल से लौटते वक्त रिक्शों में बैठे हुए बार-बार पानी पीते दिखे। बुजुर्ग रामनारायण ने बताया, ऐसी गर्मी तो बरसों बाद देखी है। बाहर निकलते ही लगता है जैसे आग के गोले बरस रहे हों। ठेला दुकानदार रवि ने कहा, ग्राहक ही नहीं आ रहे, दोपहर में पूरा बाजार सूना पड़ा रहा। गर्मी में धंधा भी ठंडा हो गया। गन्ना जूस की दुकानों पर रही भीड़: गर्मी से बचाव के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते दिखे। कुछ लोग गन्ने के रस की दुकानों पर भीड़ लगाए हुए थे तो कहीं नींबू पानी और शिकंजी का कारोबार जमकर चल रहा था। इस दौरान इन दुकानों पर लोगों आमद लगातार बनी रही। गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं: मौसम विज्ञान विभाग कुमारगंज के विज्ञानियों का कहना है कि अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। वर्षा होने की संभावना नहीं है। हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने एवं औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि शाम को सूरज ढलने के बाद थोड़ी राहत रही लेकिन जमीन से निकल रही भभक लोगों के लिए मुसीबत बनी रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।