स्थापना दिवस पर केन्द्रीय मंत्री ने शुरू किया स्वच्छ तीर्थ अभियान
Basti News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भाजपा के स्थापना दिवस पर चल रहे विविध कार्यक्रमों की
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भाजपा के स्थापना दिवस पर चल रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शहर के सुकठिया स्थित हनुमान मंदिर परिसर की सफाई कर राष्ट्रव्यापी स्वच्छ तीर्थ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने गांव चलो, वार्ड चलो अभियान के अंतर्गत आम जन से संपर्क साधते हुए सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल एजेंडा विकास है और यही कारण है कि पार्टी ने प्रदेश और देश में विकास की एक नई इबारत लिखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि बीते दस वर्षों में भारत एक सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बन चुका है और अब वह दुनिया का नेतृत्व करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में इसे तीसरे स्थान तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत भाजपा की विचारधारा की प्रेरणा हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, अमित त्रिपाठी, डॉ. शांति शरण मिश्रा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सानंदन पटेल, श्याम नारायण यादव, वीरेंद्र लोहिया, अजय पटेल, अशोक त्रिपाठी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।