गर्म हवाओं से लू के थपेड़ों का अहसास, गर्मी में छूटे पसीने
Bulandsehar News - जिले में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया और गर्म हवाएं चलने लगीं। लोग गर्मी से बचने के लिए कपड़े और छाते लेकर बाहर निकले। मौसम विभाग ने बताया कि अगले...

जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं से लू के थपेड़ों का अहसास हुआ। गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल हो गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी कार्य से निकले राहगीरों ने चेहरे को कपड़े से ढककर धूप से बचाव किया। बीते दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान दो डिग्री उछाल भरकर 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अभी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। गर्मी का असर भी तेज होगा। आंधी-बारिश के बाद रोजाना तेज धूप के साथ गर्मी बढ़ती जा रही है।
गुरुवार को सुबह से आसमान साफ रहा। तेज धूप खिली और दोपहर के समय खासी गर्म रही। साथ में हल्की गर्म हवाएं भी चलती रहीं। 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली गर्म हवाएं लू के थपेड़ों का काम करती रहीं। गर्मी से बचाव के लिए लोग अंगोछा, चश्मा छाता आदि सामग्री लेकर घर से निकले। इसके बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। बाजारों में भी भीषण गर्मी से रौनक कम रही। अब मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और प्रचंड रूप ले सकती है। पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इन दिनों हीटवेव भी चलेंगी। दोपहर में भारी गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान मौसम में किसी तरह के बदलाव की आहट नहीं है। - पांच दिन बाद बिगड़ सकता है मौसम फिलहाल पांच दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान सूर्यदेव के तेवर तीखे रहेंगे। इससे गर्मी में उछाल होगा। इसके बाद 21 और 22 मई को मौसम बिगड़ सकता है। बादल छाए रहने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।