पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के विरोध में बंद रही कोयला मंडी
Chandauli News - घटना के विरोध में कोयला मंडी के कारोबारियों ने निकाली आक्रोश रैली, कार्रवाई की मांग घटना के विरोध में कोयला मंडी के कारोबारियों ने निकाली आक्रोश रैली,

दुलहीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस क्रम में शुक्रवार की सुबह चंदासी कोयला मंडी बंद कर कोल व्यापारियों ने आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कालका सिंह कटरा से चलकर दुलहीपुर पेट्रोल पंप से वापस विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के समीप पहुंची। वहां से फिर मंडी में जाकर समाप्त हो गई। इस दौरान व्यापारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही हमले में मारे गए मृतकों की याद में दो मिनट का मौन रखकर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। चंदासी कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के आह्वान पर शुक्रवार की सुबह प्रगतिशील कोयला व्यापारिक कल्याणकारी संस्था के पदाधिकारियों ने भी शामिल होकर आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि खून का बदला खून लिया जाना चाहिए। कहा देश की एकता और अखंडता कायम रखने के लिए आंतकियों का समूल नष्ट होना चाहिए। ताकि देश में शांति रहे। इस दौरान व्यापारी हाथ में पाकिस्तान होश में आओ, मुर्दाबाद के नारे लिखे हुए बैनर लेकर चल रहे थे। इसके साथ ही हाथों में तिरंगा और विरोध में काली पट्टी बांधे थे। चंदासी कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित बगड़िया ने कहा इजरायल की तर्ज पर पकिस्तान में घुसकर आंतकियों को सफाया किया जाय। प्रगतिशील कोयला व्यापारिक कल्याणकारी संस्था के अध्यक्ष धर्मराज यादव ने कहा कि हमारी लड़ाई आतंकवादियों से है। समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी औकात बता दी जाय। हाजी कमाल अख्तर ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ हम सभी जाति धर्म के लोग एकमत है। इस मौके पर संगठन के संस्थापक सतीश जिंदल, सचिव हरिशंकर सिंह मुन्ना, अशोक कनोडिया, मनोज अग्रवाल, मजदूर संघ के अध्यक्ष केसर कुशवाहा, कोषाध्यक्ष कैलाश पोद्दार, हाजी कमाल अहमद, हाजी सिराजुद्दीन, हाफिज अहमद, संजय सिंह, नारायण सिंह यादव राकेश मौर्य, राजू कलवानी, अभय तिवारी, मुरारी गुप्ता, काशीनाथ जायसवाल, संजीव अग्रवाल, बब्बू यादव, अशोक पांडेय, कल्लू यादव, सुनील यादव, गंगाधर यादव, रणवीर सिंह, अभिषेक सिंह आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।