चित्रकूट में मंदाकिनी के संरक्षण और संवर्धन के लिए सहभागिता पर जोर
Chitrakoot News - चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय में पतित पावनी मंदाकिनी नदी के संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण समाधान पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कलेक्टर सतीश कुमार एस ने जनसहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। विश्वविद्यालय...

चित्रकूट, संवाददाता। ग्रामोदय विश्वविद्यालय में पतित पावनी मंदाकिनी नदी के संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण समाधान को लेकर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसमें मंदाकिनी को प्रदूषण मुक्त कर अविरल और सदानीरा बनाए जाने पर जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि मंदाकिनी में पालीथिन आदि न फेंके, ताकि मंदाकिनी में होने वाले प्लास्टिक प्रदूषण को रोका जा सके। गोष्ठी में पहुंचे एमपी के सतना कलेक्टर सतीश कुमार एस ने मंदाकिनी नदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। कहा कि इस अभियान में क्षेत्रीय जनता की सहभागिता होना जरुरी है। बिना जनसहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जाना नामुमकिन है।
उन्होंने कहा कि मंदाकिनी धर्मनगरी चित्रकूट की पहचान होने के साथ ही यहां के लोगों का जीवन भी है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने मंदाकिनी नदी की सफाई पर विशेष जोर दिया। कहा कि पूरे चित्रकूट क्षेत्र की एक मात्र नदी मंदाकिनी ही है, जिसे संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं हर सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को मंदाकिनी के स्फटिक शिला घाट में सफाई अभियान चला रहे है। कामदगिरि प्रमुख द्वार के संत डा मदन गोपालदास महाराज ने पर्यावरण दिवस के महत्व को रेखांकित किया। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ बैगा ने ने कहा कि नदियों में स्वशुद्धिकरण की क्षमता होती है। लेकिन मानव हस्ताक्षेप से यह क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। नगर पंचायत अध्यक्ष चित्रकूट साधना पटेल ने कहा कि नगर पंचायत मंदाकिनी की सफाई और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए लगातार प्रयासरत है। लेकिन इस अभियान में सभी की सहभागिता होनी जरुरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से मंदाकिनी नदी के संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। गोष्ठी के समापन नी प्रमाण पत्र व ट्रॉफी वितरण किया गया। आभार प्रदर्शन ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष प्रो शशिकांत त्रिपाठी ने जताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।