ठंड: मेडिकल कालेज में बढ़ गए सांस व बीपी के मरीज
Deoria News - देवरिया में ठंड का कहर बढ़ रहा है, जिससे बीपी और सांस के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में ठंड से बचाव के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं, लेकिन रैन बसेरा की हालत खराब...

देवरिया, निज संवाददाता। ठंड का कहर अब तेज हो गया है। ठंड के साथ ही गलन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के ओपीडी में बीपी, सांस के मरीजों की संख्या दो दिनों से बढ़ी है। वार्ड में ठंड से बचाव के लिए मेडिकल कालेज प्रशासन ने इंतजाम तो बेहतर किया है, लेकिन परिसर में बने रैन बसेरा की स्थिति काफी खराब है। पालीथिन से घेर कर रैन बसेरा बनाया गया है, जबकि फर्श पर ही बिना किसी इंतजाम के गद्दा डाल दिया गया है। जिसके चलते रैन बसेरा में मरीजों के तीमारदार रहने से परहेज कर रहे हैं। दो दिनों से मौसम बदल गया है। तापमान लगातार गिरता जा रहा है। मंगलवार की दोपहर तक कोहरे का असर रहा। दिन भर भगवान सूर्य का दर्शन तक नहीं हो पाया। ठंड व गलन के चलते अधिकांश लोग सुबह नौ बजे तक अपने घर से बाहर तक नहीं निकले। जरूरी कार्य होने पर ही ठंड के बीच लोग घर से निकले। अधिकांश समय सड़कें खाली नजर आई। उधर एक तरफ हाड़कपाती सर्दी तो दूसरी तरफ बीमारी का दर्द बढ़ गया है। दो दिनों से बीपी, सांस के मरीजों की संख्या ठंड के चलते महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में बढ़ गई है। वहीं निमोनिया से ग्रसित बच्चों की संख्या भी दो दिनों से बढ़ी है।
वार्ड में है ठंड से बचाव के इंतजाम
मेडिकल कालेज के वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए ठंड से बचाव को पर्याप्त इंतजाम है। यहां मरीजों को रेड कलर के कंबल दिए जा रहे हैं। साथ ही हर वार्ड में रूम हीटर लगाया गया है, ताकि वार्ड का तापमान ठीक रहे। बहुत से मरीज अपने घर से ही कंबल व अन्य ऊनी वस्त्र लेकर आ रहे हैं। जबकि गरीब तबके के मरीजों को मेडिकल कालेज प्रशासन जरूरत के हिसाब से दो-दो कंबल तक उपलब्ध करा रहा है। बरहज के चकरा दुर्जन की रहने वाली रानी देवी तीन दिनों से भर्ती हैं, उनका कहना है कि उनके लिए कंबल मेडिकल कालेज की तरफ से मिला है, जबकि उनके साथ रहने वाले लोगों के लिए घर से कंबल मंगाना गया है। यही बात बैतालपुर से आई कांती देवी, गौरीबाजार के जमुना की रहने वाली शैल देवी ने बताया। उन्होंने बताया कि वार्ड में ठंड को लेकर इंतजाम ठीक ठाक है।
रैन बसेरा में जाने से परहेज कर रहे लोग
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में महिला व पुरुष के लिए रैन बसेरा का निर्माण कराया गया है। रैन बसेरा में चारो तरफ से केवल पालीथिन लगाकर घेर दिया गया है, थोड़ी भी हवा चलने पर रैन बसेरा का पालीथिन उड़ने लग रहा है और हवा सीधे अंदर आने लग रही है। फर्श पर ही गद्दा रख दिया गया है और उस पर एक बेडसीट डाल दिया गया है। रैन बसेरा में रहने वाले लोगों के लिए कंबल का इंतजाम किया गया है। जबकि वहां अलाव तक का इंतजाम नहीं किया गया है।
ठंड में सांस व बीपी के मरीज बढ़े हैं। वार्ड में मरीजों के लिए ठंड से बचाव के इंतजाम बेहतर किए गए हैं। कंबल देने के साथ ही रूम हीटर भी लगाया गया है। ठंड में निमोनिया ग्रसित बच्चे, बुजुर्ग, सांस व बीपी के मरीज निकलने से थोड़ा परहेज करें।
डा.एचके मिश्रा
सीएमएस
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।