बोले फर्रुखाबाद: जरूरत की जगह नहीं प्यास के इंतजाम
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में 19 सौर ऊर्जा संचालित वॉटर कूलर हैं, लेकिन देखरेख के अभाव में ये अक्सर खराब रहते हैं। लोगों को गर्मी में पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जरूरत के...

फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में 19 वाॅटर कूलर सौर ऊर्जा से संचालित हैं। देखरेख के अभाव में ये अक्सर जबाव दे रहे हैं। वाॅटर कूलर का प्वाइंट तय करते समय जिस तरह से लापरवाही बरती गई उससे लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाॅटर कूलर लगाए जाने की आवश्यकता थी उस पर पालिका की ओर से ध्यान नहीं दिया गया है। जो एक दो वॉटर कूलर भीड़ भाड़ वाले स्थान पर लगे हैं वे सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं और अक्सर खराब हो जाते हैं। रेलवे रोड, नेहरू रोड, किराना बाजार, बजरिया रोड पर भी वाॅटर कूलर की जरूरत है मगर यहां पर वाॅटर कूलर का इंतजाम नहीं है।
इससे भीषण गर्मी में राहगीरों व अन्य लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ता है। सड़क किनारे हैंडपंप भी दिखाई नहीं पड़ते हैं जिससे प्यास को बुझाया जा सके। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान से चर्चा के दौरान गोविंद अवस्थी कहने लगे कि पालिका को लोगों की सहूलियत की कतई चिंता नहीं है जैसे चाहे वैसे वाॅटर कूलर लगा दिए हैं। यदि उचित स्थानों पर वाॅटर कूलर लगाए जाते तो इसका उपयोग सही होता। उनका कहना है कि शहर में कम से कम दस और वॉटर कूलर की जरूरत है। भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर वाॅटर कूलर लगवाए जाने चाहिए। पुष्पेंद्र भदौरिया कहते हैं कि पालिका की लापरवाही से लोगों को भीषण गर्मी में जूझना पड़ रहा है। कुछ एक स्थानों पर तो जो वाॅटर कूलर लगे हैं वह अक्सर खराब हो जाते हैं। सौरभ गुप्ता का कहना हैकि जो वाॅटर कूलर लगाए गए हैं उनकी सही देखरेख होने चाहिए। ऐसा न हो कि पहले की तरह ही यह वॉटर कूलर भी कंडम हो जाएं और लाखों रुपये आम आदमी का बर्बाद हो जाएं। अजय शर्मा कहते हैं कि फर्रुखाबाद के अलावा फतेहगढ़ में विभिन्न स्थानों पर वाॅटर कूलर लगने चाहिए इससे पालिका से मांग भी की जा चुकी है मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना हैकि फतेहगढ़ भी पालिका क्षेत्र में आता है। इस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। राहुल कुमार और अरविंंद सिंह कहते हैं कि पालिका को सभी के हित के लिए काम करना चाहिए। जहां जरूरत नहीं वहां वाॅटर कूलर लगा दिए गए हैं। जहां जरूरत है वहां पर लोग भीषण गर्मी में गला तर करने को भी तरस रहे हैं। सड़क किनारे इक्का दुक्का ही हैंडपंप लगे हैं। उससे लाभ नहीं मिल पा रहा है। पालिका को चाहिए कि कम से कम ऐसे स्थानों पर जरूर वाॅटर कूलर लगाए जहां पर उसकी जरूरत है। इसके साथ ही इनकी देखरेख पर भी ध्यान दिया जाए। सुझाव- 1. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वॉटर कूलर लगाये जाने चाहिए। 2. मामूली मरम्मत योग्य जो वॉटर कूलर पहले लगे थे उनको सही कराया जा सकता है। 3. जो वॉटर कूलर लगवाएं जाएं उनकी हर महीने देखरेख होनी चाहिए। 4. वॉटर कूलर की संख्या शहर में बढ़ायी जाए। शिकायतें- 1. सड़क किनारे वॉटर कूलर नहीं दिखते हैं,दिक्कतें आती हैं। 2. मुख्य बाजारों में भी वॉटर कूलर नहीं लगे हैं इससे पीने के पानी की समस्या है। 3. जो सड़कों के किनारे वॉटर कूलर लगे उनमें अधिकतर खराब रहते हैं। 4. देखरेख के अभाव में वॉटर कूलर खराब हो जाते हैं । बोले लोग- वाॅटर कूलर की संख्या शहर में बढ़ाई जाए। उन स्थानों पर वॉटर कूलर लगें जहां भीड़ अधिक रहती है। -कमलेश गुप्ता पहले वाॅटर कूलर अच्छी संख्या में लगे थे मगर इनमें कई वाॅटर कूलर सही कराने के बजाय हटा दिए गए। -अजय कुमार
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।