बोले प्रयागराज : फरियादी किससे लगाएं गुहार जो खुद की समस्याएं दूर करने में है लाचार
Gangapar News - सोरांव तहसील की व्यवस्था बदहाल हो गई है। गंदगी और अतिक्रमण से परेशान वादकारी और अधिवक्ता सफाई अभियान की मांग कर रहे हैं। तहसील परिसर में टूटी कुर्सियां और गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्वास्थ्य...

बदहाल व्यवस्था के साथ गंदगी का बोझ सीने पर लेकर सोरांव तहसील पांच ब्लॉक के साथ दो नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था चला रही है। तहसील परिसर में बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन के साथ बजबजाती नालियां इसकी पहचान बन चुकी है। तहसील के मुख्य गेट से लेकर पश्चिमी गेट तक अतिक्रमण की जद में हैं। आलम यह है कि तहसील परिसर में पैदल चलना दूभर है। समूचे तहसील परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालय के मुख्य गेट के साइड की दीवार का पान की पीक से कलर बदल गया। देश के प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक सफाई अभियान चला कर शहर एवं गांव को स्वच्छ बनाने का अभियान चला रहे हैं।
सोरांव तहसील में फैली गंदगी को देखने पर स्वच्छता अभियान की हवा ही निकल जाती है। गंदगी के बीच अफसरों और कर्मचारियों की बैठकर काम करने की आदत सी हो गई है। यही वजह है कि किसी को कुछ भी नहीं दिख रहा है। जनपद मुख्यालय से महज 25 किलोमीटर दूर प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर स्थित सोरांव तहसील भवन का निर्माण वर्ष 2011 में करीब एक करोड़ की लागत से कराया गया था। तहसील में एसडीएम समेत अन्य न्यायालय एवं कार्यालय का निर्माण कराया गया था। लगभग डेढ़ दशक बाद सोरांव तहसील बदहाल अवस्था में पहुंच गई। एसडीएम न्यायालय से लेकर तहसीलदार न्यायालय तक गंदगी का अंबार लगा हुआ है। एसडीएम एवं तहसील न्यायालय के सामने नाली में गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बाहर फैल रहा है। दुर्गंध के कारण वहां से निकलने वाले लोग नाक बंद कर निकल रहे हैं। जगह जगह फैले बिजली के तार दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। तहसील की दीवारों पर पान एवं गुटखा खाकर दीवाल का कलर सफेद के बजाय लाल हो गया है। तहसील की बदहाली को देखकर कयास लगाया जा सकता है कि तहसील से जुड़े गांव एवं नगर पंचायत की व्यवस्था किस प्रकार होगी। निर्माण के महज डेढ़ दशक में सोरांव तहसील की बिल्डिंग बदहाल हो गई है। सफाई करना तो दूर परिसर में झाड़ू तक नहीं लगाई जाती है। जिम्मेदार एक दूसरे पर टोपी पहना कर निकल रहे हैं। फरियादी से लेकर तहसील के अधिवक्ता बदहाली का दंश झेल रहे हैं। सोरांव तहसील में बढ़ती अधिवक्ताओं की संख्या के कारण वकीलों की सीट बढ़ रही है। वाहन पार्किंग न होने के कारण दो पहिया एवं चार पहिया वाहन लेकर लोग सीधे तहसील में घुस जाते हैं। परिसर में जगह न होने के कारण उल्टे सीधे तरीके से वाहन खड़े किए जाते हैं। जिससे कारण तहसील परिसर में पैदल चलना दुभर हो जाता है। तहसील के दोनों गेट पर अतिक्रमण होने के कारण आए दिन जाम लगा रहता। तहसील की दीवारों से सटा कर गोमती एवं अन्य प्रकार की दुकान खोलकर रास्ते को बाधित किया गया है। जिससे वादकारियों के साथ अधिकारी एवं अधिवक्ता आए दिन जाम का शिकार हो रहे हैं। टूटी कुर्सी एवं गंदगी बनी शुभम सभागार की पहचान तहसील परिसर में शुभम सभागार में राजस्व निरीक्षकों के लिए एक दर्जन चेंबर बनाए गए है। जहां पर राजस्व निरीक्षक बैठकर रिपोर्ट बनाने से लेकर अन्य कागजी कार्रवाई करते हैं। उक्त सभागार में टूटी फूटी कुर्सी-टेबल के साथ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। धूल मिट्टी के बीच दर्जन फाइल धूल पक रही हैं। सभागार के कोने में पान खाने के शौकीनों ने दीवाल का कलर सफेद के बजाय लाल कर दिया है। गंदगी के बीच राजस्व निरीक्षक बैठकर कार्य करते हैं। सभागार में लगातार फरियादियों का आना जाना लगा रहता है। बावजूद इसके शुभम् सभागार में सफाई की व्यवस्था नहीं की गई है। गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। डेढ़ दशक बाद भी नहीं चालू हुई तहसील में निर्मित पानी की टंकी , फरियादियों का सूख रहा गला तहसील निर्माण के साथ परिसर में डेढ़ दशक पूर्व पेयजल के लिए पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। पानी की टंकी तो खड़ी हो गई परंतु आज तक उक्त टंकी से पानी की सप्लाई नहीं शुरू हो पाई है। तहसील परिसर में लाखों की लागत से निर्मित पानी की टंकी शोपीस बन कर रह गई है। तहसील में आने वाले फरियादियों का सूख रहा गला। पेयजल के लिए क्षेत्र पंचायत एवं सोरांव बार एसोसिएशन की ओर से वाटर कूलर लगाएं थे परंतु कुछ समय बीतने के बाद वाटर कूलर पानी देना बंद कर दिया। तहसील में लगे हैंडपंप के सहारे किसी तरह प्यास बुझाने को मजबूर हैं। तहसील परिसर की पेय जल व्यवस्था खराब होने से वादकारियों के साथ अधिवक्ता भी परेशान। तहसील परिसर में लगे वाटर कूलर ठंडा शीतल जल देने के बजाय अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। एसडीएम न्यायालय के सामने नाली ओवरफ्लो एसडीएम न्यायालय के सामने लगा हैंडपंप की नली चोक होने से गंदा पानी बाहर फैल रहा है। जिससे दुर्गंध फैल गई है। हैंडपंप में पानी पीने वाले वादकारियों को दुर्गंध के बीच किसी तरह जल पीना पड़ रहा है। नाली की दुर्गंध से वहां से गुजरने वाले अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी नाली साफ सफाई की व्यवस्था नहीं कराई गई। भीषण गर्मी के बीच गंदे पानी की दुर्गंध से बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। बोले जिम्मेदार आम जनमानस के सहयोग से अभियान चला कर तहसील परिसर की सफाई होगी। इसके लिए बार एसोसिएशन सोरांव के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की मदद से जागरूकता अभियान चला कर स्वच्छता के प्रति तहसील में आने वाले लोगों को जागरूक किया जाएगा। तहसील परिसर में जल्द कचरे का डिब्बा एवं पीकदान की व्यवस्था की जाएगी। स्वच्छता के लिए तहसील के समस्त कर्मचारियों के साथ अधिकारी एवं अधिवक्ताओं को मिल कर सफाई अभियान जल्द चलाया जाएगा। -हीरालाल सैनी, उपजिलाधिकारी, सोरांव ----------------------- हमारी भी सुनें तहसील परिसर में फैली गंदगी के कारण अधिवक्ता कई बार संक्रमण का शिकार हो जाते हैं। तहसील परिसर की साफ सफाई के साथ राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल की तहसील में उपस्थित आवश्यक है। जिससे वादकारियों की समस्या का समाधान अधिवक्ता करा सके। शपथ लेने के बाद से लगातार तहसील की व्यवस्था बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे है। -राजेश कुमार शुक्ल, महामंत्री, बार एसोसिएशन सोरांव तहसील परिसर की सफाई सोरांव बार साप्ताहिक स्वरूप में करता है। सोरांव तहसील की दैनीय दशा देखकर मन में पीड़ा होती है। हम सब को सामूहिक रूप से सफाई करते हुए तहसील परिसर में पान खाकर सार्वजनिक स्थल पर थूकने पर पाबंदी लगनी चाहिए। -राजीव कुमार ओझा, पूर्व महामंत्री, बार एसोसिएशन सोरांव तहसील में फैली गंदगी को साफ सफाई करते हुए, भ्रष्टाचार की सफाई होनी आवश्यक है। करोड़ों की लागत से निर्मित सरकारी तहसील में राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल नहीं बैठते हैं। तहसील के बाहर अपने चुनिंदा अड्डे पर बैठ कर मनमाने कार्य कर रहे। इस पर अंकुश लगाना आवश्यक है। तहसील परिसर में वाहनों के अंबार पर अंकुश लगाना आवश्यक है। -अजीत कुमार मिश्र, अधिवक्ता सोरांव तहसील की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई। गंदगी के साथ बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन के साथ बाइक का जमावड़ा होने से अधिवक्ता एवं वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साफ-सफाई अभियान चला कर स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इसका निर्वाह करना आवश्यक है। -अंजनी पांडेय, पूर्व उपाध्यक्ष बार एसोसिएशन सोरांव तहसील परिसर में फैली गंदगी देख हम सभी व्यापारी हैरान-परेशान हैं। तहसील मुख्यालय की व्यवस्था देखने से स्वच्छ भारत का सपना पूरा होता नहीं दिख रहा है। समाज के लोगों को एकजुट होकर सार्वजनिक स्थल की सफाई करनी चाहिए। -सुरेश चौरसिया, अध्यक्ष, व्यापार मंडल सोरांव जब तहसील मुख्यालय की व्यवस्था चौपट है, तो क्षेत्र के गांव एवं कस्बे के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है। एसडीएम एवं तहसीलदार की नाक के नीचे फैली गंदगी देख कर आश्चर्य है। सभी लोगो को सामूहिक प्रयास कर तहसील को स्वच्छ रखना होगा। -मनोज कुमार गुप्ता, सोरांव तहसील परिसर में पेयजल के साथ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। तहसील के कर्मचारियों को सजग रहते हुए सफाई अभियान चला कर तहसील परिसर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी होगी। बड़े वाहन के पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। -संतोष केसरवानी, पूर्व प्रधान पति एवं संरक्षक श्रीराम लीला कमेटी, सोरांव सोरांव तहसील की हालत खस्ता है। एसडीएम एवं तहसीलदार को समूचे तहसील परिसर का भ्रमण करते हुए सफाई, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी होगी। तहसील की खराब व्यवस्था में कर्मचारियों की उदासीनता दिखाई पड़ रही है। -चंदन कुमार मोदनवाल, सोरांव
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।