Allegations of Corruption in Anganwadi Recruitment in Amethi आंगनबाड़ी भर्ती में लग रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप, Gauriganj Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsGauriganj NewsAllegations of Corruption in Anganwadi Recruitment in Amethi

आंगनबाड़ी भर्ती में लग रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप

Gauriganj News - अमेठी में आंगनबाड़ी भर्ती में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। महिलाएं रोजाना कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपात्रों के चयन का आरोप लगा रही हैं। कई मामलों में विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को...

Newswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंजTue, 18 March 2025 07:02 PM
share Share
Follow Us on
आंगनबाड़ी भर्ती में लग रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप

रोजाना कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत कर रही हैं महिलाएं अब तक दर्जनों लोग लगा चुके हैं मानकों को ताक पर रखकर चयन का आरोप

अमेठी। संवाददाता

जिले में चल रही आंगनबाड़ी भर्ती में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। रोजाना कलेक्ट्रेट पहुंचकर महिलाएं नियमों को ताक पर रखकर अपात्रों के चयन का आरोप लगा रही हैं। अब तक दर्जनों लोग मानकों को ताक पर रखकर चयन करने का आरोप लगा चुके हैं। लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

आंगनबाड़ी भर्ती की सूची जारी होने के साथ ही आरोपों की बाढ़ आ गई है। भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। भादर विकास क्षेत्र के घोरहा निवासी मंजू सिंह का आरोप है कि वह एक निराश्रित विधवा महिला है। उन्होंने आंगनबाड़ी भर्ती में आवेदन किया था। उनका आवेदन भी प्राप्त हो गया था, लेकिन बाद में उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया। जबकि विधवा महिलाओं को वरीयता दिए जाने की बात कही गई थी। भेटुआ विकास खंड की रेशू कोरी का आरोप है कि वह एक तलाकशुदा महिला है और उन्होंने अपने गांव से आवेदन किया था। जबकि उनके गांव में जिसका चयन किया गया है वह गांव की निवासी ही नहीं है। जगदीशपुर विकास क्षेत्र की मीरा यादव का कहना है कि वह विधवा महिला है और उनकी मेरिट भी काफी अच्छी है। उन्होंने पिछूती से आवेदन किया था। लेकिन उनके स्थान पर दूसरी महिला का चयन कर लिया गया है। जिस महिला का चयन किया गया है उसकी आय मानक से अधिक है। शाहगढ़ विकास क्षेत्र की पूरे हीरबल उलरा निवासी साधना पांडे का आरोप है कि उनके फार्म में सिर्फ पूर्णांक की गलती हो जाने से उनका चयन रोक दिया गया। जबकि वेरिफिकेशन में उनका सब कुछ सही पाया गया था। संग्रामपुर के इटौरी निवासी श्वेता शुक्ला का आरोप है कि उनके गांव से शिखा शुक्ला को चयनित किया जा रहा है। जबकि शिखा शुक्ला पहले से पंचायत सहायक के पद पर काम कर रही हैं और उनके द्वारा गलत आय प्रमाण पत्र लगवाया गया है। ऐसे दर्जनों लोगों ने डीएम से शिकायत करते हुए जांच की मांग की है।

कराई जा रही है जांच

इस संबंध में डीएम निशा अनन्त ने कहा कि जो भी शिकायतें आ रही है उनमें जांच करवाई जा रही है। डीपीओ कार्यालय में एक रजिस्टर बनवाया गया है। सभी शिकायतें वहां दर्ज की जा रही हैं। उनका सम्यक निस्तारण करवाया जाएगा। यदि जांच में कहीं से भी गड़बड़ी प्रकाश में आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।