पुन्नपुर में युवक की गला रेत कर हत्या
Gauriganj News - संग्रामपुर के पूरे रामा चौहान में एक युवक सागर कोरी की मंगलवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव एक पशुशाला में रस्सी से बंधा मिला। परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू...

संग्रामपुर। संवाददाता कोतवाली क्षेत्र के पूरे रामा चौहान मजरे पुन्नपुर में मंगलवार की रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह उसका शव घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित एक पशुशाला में रस्सी से बंधा हुआ मिला। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्जकर जांच पड़ताल शुरू की है। सूचना पर घटना स्थल पहुंची एसपी ने टीमों का गठन कर हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पूरे रामा चौहान निवासी 22 वर्षीय सागर कोरी पुत्र सिद्धार्थ मंगलवार की रात 10 बजे खाना खाकर घर की छत पर सोने चला गया। बुधवार की सुबह उठने पर घर वालों ने छत पर जाकर देखा तो सागर वहां नहीं था। उसके मोबाइल पर काल करने वह बंद मिला। जिसके बाद परिजनों ने सागर की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद सागर का शव उसके घर से लगभग 50 मीटर दूर एक पशुशाला में मिला। उसके दोनों पैर व हाथ मजबूत रस्सी से बांधे गए थे। चेहरे पर प्लास्टिक की बोरी व कंबल लपेटा गया था। जब लोगों ने कंबल व बोरी हटाकर देखा तो सागर के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। पूरा चेहरा व गला खून से लथपथ था। युवक की हत्या से परिजनों में हाहाकार मच गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसएचओ बृजेश सिंह मौके पर पहुंच गये और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं घटना की जानकारी होते ही एसपी अपर्णा रजत कौशक व सीओ अमेठी मनोज कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मृतक की बहन व परिजनों से भी बात कर हत्यारों के जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। फारेंसिक टीम द्वारा घटना स्थल से साक्ष्य संकलन किया गया। वहीं मृतक के चाचा विनोद कुमार की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।