सीजन का सबसे गर्म दिन, 42 डिग्री पहुंचा पारा
Gorakhpur News - गोरखपुर में गर्मी अपने चरम पर है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। हीट इंडेक्स 50 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। धूल भरी गर्म हवाएं चलने से लू का...

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता पूर्वी यूपी में गर्मी अपने शबाब पर है। सूरज दहक रहा है। दिन में चढ़ता पारा लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। शुक्रवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। चटक धूप के बीच धूल भरी गर्म हवाएं चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान हीट इंडेक्स करीब 50 डिग्री सेल्सियस रहा। हीट इंडेक्स के नजरिए से गोरखपुर-बस्ती मंडल शुक्रवार को यलो जोन में रहा।
शुक्रवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज गर्म रहा। सुबह से ही धूप के बीच आसमान से बादल गायब रहे। दोपहर में सूरज दहकने लगा। गर्म हवाएं लू के थपेड़े का अहसास करा रही थीं। करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चलीं। हवा में नमी कम होने से लू का प्रकोप शुरू हो गया। इस समय हवा में अधिकतम आद्रता 27 फीसदी रह गई है। जबकि न्यूनतम आद्रता 15 फीसदी है। यही वजह है कि तापमान बढ़ने के बावजूद हीट इंडेक्स में गिरावट हो गई है। शनिवार को हीट इंडेक्स 50 डिग्री सेल्सियस ही रहा। दिन के अधिकतम तापमान और हीट इंडेक्स में करीब 8 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। लोगों को 50 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का अहसास हुआ।
वहीं सूरज ढलने के बाद मौसम कुछ राहत देता नजर आया। न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार से अफगानिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर रविवार से दिखेगा। रविवार से मंगलवार तक आसमान में बादल मौजूद रह सकते हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी। गरज-चमक के साथ छीटें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में इस बदलाव का असर शनिवार दोपहर बाद से दिखने लगेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।