गीडा में फैक्ट्रियों की हुई जांच, दो किराए पर चलती मिलीं
Gorakhpur News - गीडा के सेक्टर 13 में नूडल्स फैक्ट्री में हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। प्रशासन ने फैक्ट्रियों की जांच शुरू की, जिसमें कई अवैध फैक्ट्रियां मिलीं। कुछ संचालक बिना कागजात के पाए गए। गीडा सीईओ...

घघसरा, हिन्दुस्तान संवाद। गीडा में सेक्टर 13 में नूडल्स फैक्ट्री में हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद गीडा प्रशासन संजीदा हो गया है। मंगलवार को गीडा प्रशासन की टीम द्वारा सेक्टर 13 व 15 में फैक्ट्रियों की जांच की गयी। जांच में दो फैक्ट्रियां किराए पर चलती मिलीं। वहीं टीम की जांच को लेकर कुछ ने फैक्ट्री के बाहर ताला जड़ दिया। बाहर कुछ श्रमिक और मैनेजर मिले। जांच में संदिग्ध मिले संचालकों को टीम ने साक्ष्य के साथ गीडा दफ्तर पर बुलाया है। गीडा में प्रबंधक श्वेताब, सहायक प्रबंधक विवेक वर्मा व राजेन्द्र ने 15 फैक्ट्रियों की जांच की। वहीं सेक्टर 15 में प्रबंधक मयंक मंगल, बृजेश अग्रहरि व अनूप कुमार सिंह ने 35 फैक्ट्रियों की जांच की। जांच में कुछ बंद मिलीं। कई फैक्ट्री संचालक कोई कागजात नहीं दिख सके। बता दें कि गीडा के सेक्टर 13 स्थित नूडल्स फैक्ट्री में पिछले बुधवार को धमाका हो गया था। जिसमें सात मजदूर घायल हुए थे। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दो मजदूरों की मौत हो चुकी है। अन्य का उपचार चल रहा है। धमाके के बाद डीएम के निर्देश पर फैक्ट्री की टीम ने जांच की तो गत्ता फैक्ट्री के आड़ में अवैध रूप से नूडल्स फैक्ट्री संचालित मिली। जिसपर गीडा सीईओ ने फैक्ट्री के जांच के लिए टीम गठित कर दिया। गीडा सीईओ अनुज मलिक ने बताया कि किराये पर संचालित फैक्ट्री के आवंटी को कागजात से साथ तलब किया गया है। जांच आगे भी जारी रहेगी। गलत तरीके से फैक्ट्रियों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। नूडल्स फैक्ट्री के मूल आवंटी का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।