husband heart melted he was ready to accept his mother in law who had eloped with damad woman also announce her decision पति का पसीजा दिल, दामाद के साथ भागी ’सास’ को अपनाने को तैयार; महिला ने भी सुनाया अपना फैसला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़husband heart melted he was ready to accept his mother in law who had eloped with damad woman also announce her decision

पति का पसीजा दिल, दामाद के साथ भागी ’सास’ को अपनाने को तैयार; महिला ने भी सुनाया अपना फैसला

  • यूपी में सास और दामाद के प्रेम-प्रसंग का मामला इन दिनों काफी चर्चा में है। सास दामाद के साथ फरार हो गई थी, हालांकि दोनों अब वापस आ चुके हैं। लेकिन सास अब अपने घर लौटने को तैयार नहीं है।

Dinesh Rathour हिन्दुस्तान, अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाताThu, 17 April 2025 09:15 PM
share Share
Follow Us on
पति का पसीजा दिल, दामाद के साथ भागी ’सास’ को अपनाने को तैयार; महिला ने भी सुनाया अपना फैसला

यूपी में सास और दामाद के प्रेम-प्रसंग का मामला इन दिनों काफी चर्चा में है। सास दामाद के साथ फरार हो गई थी, हालांकि दोनों अब वापस आ चुके हैं। लेकिन ‘सास’ अब अपने घर लौटने को तैयार नहीं है। वह दामाद के साथ रहने की जिद पर अड़ी है। गुरुवार को दिनभर सास को मनाने का दौर चलता रहा लेकिन वह नहीं मानी। लेकिन पति का दिल पसीज गया और वह अपनी पत्नी को अपनाने को भी तैयार हो गया है। इसके बाद थाने में गांव की महिलाओं ने करीब साढ़े छह घंटे तक सास को समझाया। लेकिन, वह पति के साथ रहने को राजी नहीं हुई। अंत में पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। ग्रामीण भी लौट गए। अब शुक्रवार को महिला के बयान कराए जा सकते हैं।

मडराक के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता दादों के युवक से हुआ था। 16 अप्रैल को शादी होनी थी। लेकिन, इससे पहले ही छह अप्रैल को 38 साल की सास सपना 20 साल के होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई। दोनों के बीच फोन पर बातें होती थीं। महिला की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। आरोप था कि सास घर से बेटी की शादी के लिए बने पांच लाख रुपये के जेवरात और साढ़े तीन लाख रुपए भी ले गई। पुलिस के दबाव के चलते दस दिन बाद बुधवार को दोनों खुद ही वापस आ गए। दोनों बिहार व नेपाल बॉर्डर तक पहुंच गए थे। महिला ने आरोप लगाया कि पति नशे में मारपीट करता था। रुपयों के लिए तंग करता था। दामाद से बात करने के दौरान वह शक करता था। इससे परेशान होकर गई थी। लेकिन, अब वह राहुल के साथ ही रहना चाहती है। रात में महिला को वन स्टॉप सेंटर भिजवा दिया गया।

गुरुवार सुबह करीब 12 बजे गांव से ट्रैक्टर में भरकर कई लोग थाना मडराक पहुंचे। पुलिस ने महिला को भी बुलवा लिया। इसके बाद मीटिंग हॉल में बातचीत शुरू हुईं। शुरुआत में पति पक्ष ने चोरी का आरोप लगाते हुए तहरीर देने की बात कही। बाद में महिलाओं ने सपना को समझाना शुरू कर दिया। उससे कहा कि गलती हो जाती है। अब वह बच्चों की खातिर घर लौट चले। उसके सामने बच्चों को भी लाया गया। लेकिन, उसने किसी की नहीं सुनी। पति ने ये तक कह दिया है कि वह उसे साथ रखने को तैयार है।

साथ ही आरोप लगाया कि होने वाला दामाद ही उसकी बीवी को बरगलाकर ले गया था। वह पहले भी इसी तरह महिलाओं को गुमराह करके उनके जेवरात व रुपये हड़प चुका है। उसने ये भी कहा कि महिला उसके जेवर व रुपये ले गई थी, जो वापस नहीं मिले हैं। उधर, महिला ने जेवर व रुपये ले जाने से इनकार किया है। शाम साढ़े छह बजे तक बातचीत के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो पुलिस ने महिला को वापस वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। एसओ मडराक अरविंद कुमार ने बताया कि महिला के बयान कराए जाएंगे। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

युवक ने कहा- वह महिला के निर्णय के साथ

सास के साथ भागे युवक राहुल को पुलिस ने हवालात में बिठा रखा है। उसने पूछताछ में कहा है कि वह महिला के निर्णय के साथ है। अगर वह अपने पति के साथ जाना चाहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है। अगर वह राजी नहीं हैं तो वह उन्हें साथ रखने को भी तैयार है।