भक्तों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिला की मौत, 17 नाजुक
Jhansi News - झांसी के गुरसरांय थाना क्षेत्र में रामनवमीं के दिन एक दर्दनाक हादसा हुआ। मऊरानीपुर से रतनगढ़ वाली माता मंदिर जा रही भक्तों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लोहिया पुल के पास पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो...
झांसी (गुरसरांय), संवाददाता गुरसरांय थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। रविवार दोपहर रामनवमीं पर मऊरानीपुर से रतनगढ़वाली माता मंदिर जवारे लेकर जा रही भक्तों से भरी टै्रक्टर-ट्रॉली लोहिया पुल के पास बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि ट्रॉली के नीचे दबकर 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तहसील मऊरानीपुर के गांव टकटोली से रामनवमीं पर भक्तों का जवारे लेकर रविवार दोपहर इंदरगढ़ (मप्र) स्थित मां रतनगढ़ वाली माता के दर्शन-पूजन के लिए भजन-गाते हुए। ट्रॉली में महिलाएं,पुरुष, बच्चे समेत 30 लोग सवार थे। दोपहर जैसे ही चालक ट्रैक्टर लेकर लोहियापुल के पास पहुंचा, तभी अचानक एक बाइक चालक आ गया। उसे बचाने में उसने स्टेयरिंग घुमा दी। जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गया। कुछ लोगों ने कूदकर जान बचाई। जबकि ट्रॉली के नीचे दबकर सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बीच वहां चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मदद को दौड़े। सूचना पर पहुंचे गुरसरांय थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौका-मुआयना किया। रेस्क्य कर रजनी (30) पत्नी मुकेश कुशवाहा निवासी गांव बराना, किसन कांत (8) बेटा रामकिशन, दीक्षा कुशवाहा (14) बेटी रामकिशन, सोमवती (40) पत्नी हरिश्चंद्र, जानकी (11) पुत्री रामकिशन निवासी टांगना, रामदेवी (40) पत्नी अच्छेलाल, रति (50) पत्नी राम सिंह, भाव्या (6) बेटी रामवन, गीता (45) पत्नी नंदू कुशवाहा, राजाबाई कुशवाहा (30) पत्नी बालचंद्र, पुष्पेंद्र कुशवाहा (17) पुत्र बालचंद्र, भोला देवी (60) पत्नी हरिराम कुशवाहा, विनीता कुशवाहा (33) पत्नी रामकिशन, अनिता कुशवाहा पत्नी मुन्ना लाल, कल्ला बाई (60), सल्लो देवी (70) पत्नी ध्रुवराम, गीता (45) पत्नी नंदू कुशवाहा को तुरंत बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय भिजवाया। जहां चिकित्सा प्रभारी ओपी राठोर ने रजनी पत्नि मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाकी की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया है। उप जिलाधिकारी गरौठा अवनीश कुमार तिवारी, सीओ राकेश कुमार राय ने घायलों का हाल-चाल जाना। डॉक्टरों को उचित दिशा-निर्देश दिए। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भजन गाते रवाना हुए थे सभी
गुरसरांय क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब एक बजे बड़ा हादसा हुआ। गांव टांगना, टकटोली, मऊरानीपुर के नईबस्ती, छतरपुर, लिधौरा, चंदेरा सहित अन्य से करीब 13 महिलाओं और पुरुषों समेत तीस लोग भजन-गाते हुआ ट्रैक्टर-टॉली से रतनगढ़ वाली माता मंदिर के नाम से जवारे लेकर रवाना हुए थे। किसी को नहीं पता था कि इतना बड़ा हादसा होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।