ऑपरेशन सिंदूर में घायल जवान का घर लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत
Kannauj News - फोटो 6-घर वापस लौटे घायल सैनिक का माल्यार्पण कर स्वागत करते चेयरमैन राहुल गुप्ता व थानाध्यक्ष दिनेश कुमार।-ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ड्रोन हमले

छिबरामऊ, संवाददाता। पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए आपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रोन हमले में सौरिख का भी एक जवान घायल हो गया था। गंभीर रूप से घायल हुए जवान का कई दिनों तक इलाज चला। जब वह स्वस्थ हो गया, तब अपने घर लौटा, तो वहां परिजनों के अलावा कस्बे के लोगों ने उसका जोरदार स्वागत किया। कस्बा के अंबेडकर नगर निवासी बृजमोहन सिंह यादव जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में तैनात हैं। पिछले दिनों पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए हमले से देश के कई बेगुनाहों की जान चली गई थी। उसी को लेकर भारत सरकार ने पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के ड्रोन हमले की चपेट में आने से बहादुर जवान बृजमोहन सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें गंभीर हालत में जम्मू के आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद रविवार को जवान वापस घर लौट आया है। जानकारी होने पर चेयरमैन राहुल गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार, उप निरीक्षक बृजपाल सिंह कस्बा वासियों के साथ जवान के घर पहुंच गए। सभी ने स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। चेयरमैन राहुल गुप्ता ने बताया कि देश के बहादुर सिपाही ने पाकिस्तान सेना से जमकर मुकाबला किया। इस दौरान घायल हो गए। ऐसे बहादुर जवान घर परिवार छोडक़र देश की रक्षा करते हैं। जिन पर देशवासियों को गर्व है। साथ ही ईश्वर से जवान के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इस दौरान संतोष प्रजापति सभासद, जीवन मिश्रा सभासद प्रतिनिधि, ओमेंद्र पाल सिंह यादव पूर्व प्रवक्ता, आदेश दुबे, केशव यादव पूर्व प्रधान, वासु दुबे, ओमी चतुर्वेदी, आदेश दुबे, शुभम यादव, छोटे राठौर, संतोष प्रजापति, आलोक यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।अस्वस्थ जवान ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। घायल जवान के घर पहुंचने से चिंतित परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। ड्रोन को गिराते समय घायल हुए थे ब्रजमोहन सिंह छिबरामऊ। कस्बा सौरिख के रहने वाले बीएसएफ जवान ब्रजमोहन सिंह यादव ने बताया कि उनकी टीम में बीएसएफ के सात जवान और आर्मी के दो जवान शामिल थे। 10 मई की सुबह करीब 5 बजकर 10 मिनट पर दुश्मन देश पाकिस्तान की तरफ से लगातार गोला-बारूद व ड्रोन से हमले किए जा रहे थे। उनकी टीम द्वारा लगातार ड्रोन हमलों को विफल किया जा रहा था। उनकी टीम ने कई दुश्मनों को मार गिराया था। इसी दौरान एक ड्रोन हमले को विफल करते समय ड्रोन से बम उनकी टीम पर आकर गिरा जिसमें उसके तीन साथी शहीद हो गए। जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके जबड़े और मुंह में गंभीर चोटें आई थीं। इसके अलावा टीम के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे। सूचना पर पहुंचे अन्य जवानों ने जम्मू स्थित आर्मी हॉस्पिटल में उन्हें और उनके अन्य घायल साथियों को भर्ती कराया था। वहां एक महीने तक उनका उपचार चला। 5 जून को अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।