किसानों को दस घंटे की जाए विद्युत आपूर्ति
Kannauj News - छिबरामऊ में किसानों को 24 घंटे में सिर्फ 7 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे मक्का की फसल सूखने की कगार पर है। भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर 10 घंटे की आपूर्ति सुनिश्चित करने की...

छिबरामऊ, संवाददाता। क्षेत्र में इस समय किसानों को 24 घंटे में बमुश्किल 7 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। पर्याप्त आपूर्ति न मिल पाने से मक्का की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। किसानों की इस समस्या को भाजपा विधायक ने गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री को पत्र लिख कम से कम 10 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। पूर्व राज्यमंत्री भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री के साथ विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक व मुख्य अभियंता को भेजे पत्र में कहा है कि इस समय किसानों की मुख्य फसल मक्का है। क्षेत्र में हजारों हेक्टेयर में मक्का की फसल खड़ी है। जिसके लिए पानी की अधिक आवश्यकता होती है। वर्तमान समय में किसानों को ट्यूबवेल फीडर से सात घंटे की आपूर्ति की जा रही है, जो मक्का की फसल के लिए पर्याप्त नहीं है। पर्याप्त बिजली न मिल पाने के कारण किसानों की मक्का की फसल सूख रही है। जबकि पूर्व में किसानों के फीडर को 10 घंटे की आपूर्ति की जा रही थी। ऐसे में वर्तमान में ग्रीष्मकालीन मक्का की फसल को पर्याप्त सिंचाई हेतु किसानों के हित में पूर्व की तरह सिंचाई फीडर पर 10 घंटे की विद्युत आपूर्ति करने का आदेश निर्गत किया जाना आवश्यक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।