आधा दर्जन गांवों में पेयजल समस्या को लेकर प्रदर्शन
Kausambi News - कौशाम्बी ब्लॉक के आधा दर्जन गांवों में पानी की कमी को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरमपुर गांव में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक्सईएन जलनिगम के खिलाफ नारेबाजी की और जलापूर्ति की मांग की। अंततः...
कनैली, हिन्दुस्तान संवाद। कौशाम्बी ब्लॉक के आधा दर्जन गांवों में पानी टंकी से जलापूर्ति न किए जाने को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों ने धरमपुर गांव में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एक्सईएन जलनिगम के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। एक्सईएन जलनिगम को बुलाने की जिद करते हु शाम पांच बजे तक कार्यकर्ता व ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। धर्मपुर गांव में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पेयजल की समस्याओं के निजात की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के युवा जिला अध्यक्ष नमो मिश्र, जिला संगठन मंत्री भान सिंह तथा ब्लॉक अध्यक्ष कल्लू प्रजापति ने धरने के दौरान किसानों की समस्या को लेकर पहले चर्चा किया।
इसके बाद धरना स्थल पर एक्सईएन जलनिगम के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन करते हुए छेकवा गांव स्थित पानी टंकी से जलापूर्ति कराने की पुरजोर मांग किया। आरोप लगाया कि छेकवा ग्राम पंचायत स्थित पानी की टंकी से धर्मपुर, दिया उपहार, भखंदा, पन्ना का पूरा, छेकवा, लाला का पूरा, सरैंचा, कुटी पर आदि गांवों के लिए पानी छोड़ा जाता है। महीनों से जलापूर्ति न होने से इन गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने के दौरान संगठन के कार्यकर्ता व ग्रामीण अधिशाषी अभियंता जल निगम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने एक्सईएन जलनिगम जयपाल सिंह से संगठन के पदाधिकारियों की वार्ता कराया। समस्या का जल्द निराकरण किये जाने के आश्वासन शाम पांच बजे के बाद धरना समाप्त किया गया। धरने में संगठन के पदाधिकारियों के अलावा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विनय पटेल, निजाम हाशमी, मोहन लाल गुप्ता, नरेंद्र सिंह, अंकुल श्रीवास्तव समेत सम्बंधित गांवों के ग्रामीण शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।